समाचार · पंजाब
जालंधर कैंट से आप से बाली को मिला टिकट:घर में जश्न का माहौल, बोले- इस बार बदलेंगे कांग्रेस के गढ़ की सियासत
जालंधर कैंट से आम आदमी पार्टी का टिकट मिलने के बाद दीपक बाली के घर पर जश्न का माहौल है, जहां डिप्टी मेयर सहित कई नेताओं और समर्थकों ने ढोल की थाप पर नाचकर अपनी खुशी जाहिर की। इस मौके पर दीपक बाली ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले जालंधर कैंट की सियासत बदलने और भारी बहुमत से जीत दर्ज करने का बड़ा दावा किया है। आम आदमी पार्टी ने जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र से दीपक बाली को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। टिकट की घोषणा होते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया और कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। मीडिया से बातचीत करते हुए दीपक बाली ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस बार वे कांग्रेस के मजबूत गढ़ कहे जाने वाले जालंधर कैंट के सियासी समीकरण बदल देंगे और यहां से पार्टी को एकतरफा जीत दिलाएंगे। आगे की रणनीति पर बात करते हुए बाली ने कहा कि वे मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा किए गए विकास कार्यों और अरविंद केजरीवाल की स्वास्थ्य व शिक्षा की राजनीति को लेकर जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी धर्म या जाति की नहीं, बल्कि काम और जनसेवा की राजनीति करती है। पार्टी के अंदर चल रही नाराजगी के सवाल पर दीपक बाली ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह का कोई विरोध नहीं है। उन्होंने कहा कि जो भी साथी थोड़े बहुत नाराज हैं, वे सभी पार्टी के समर्पित नेता हैं और जल्द ही सब एकजुट होकर चुनाव प्रचार में उतरेंगे।
आप पार्टी एकतरफा चुनाव जीतेगा कांग्रेस के दिग्गज नेताओं से होने वाले कड़े मुकाबले पर उन्होंने शायराना अंदाज में जवाब दिया और कहा कि उनके लिए यह कोई हॉट सीट नहीं है। मान सरकार की नीतियों और काम के दम पर पंजाब की सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी की एकतरफा जीत होगी।
मुख्य लक्ष्य हर घर में खुशहाली लाना
क्षेत्र के मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य हर घर में खुशहाली लाना, बच्चों को अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना है। मंत्री पद की दावेदारी पर उन्होंने खुद को पार्टी का एक वफादार सिपाही बताया।