समाचार · हरियाणा
कैथल नगरपरिषद रिश्वत मामला, फरार एमई के ठिकानों पर छापेमारी:आठ शहरों में धरपकड़ कर चुकी टीम, एमई बदल रहा लोकेशन
कैथल नगर परिषद रिश्वत मामले में फरार चल रहे एमई वरुण शर्मा की गिरफ्तारी के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम लगातार उसके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एसीबी अब तक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार जिलों और आठ शहरों में धरपकड़ कर चुकी है, लेकिन कहीं भी वह टीम के हत्थे नहीं चढ़ा। इनमें पिहोवा, कुरुक्षेत्र, कैथल, शाहबाद, करनाल, यमुनानगर और अन्य शहरों के नाम शामिल हैं। फरार चल रहे आरोपी के बारे में सूचना पाकर एसीबी की टीम मौके पर जाती है तो आरोपी एमई अपनी लोकेशन बदल देता है। लोकेशन पर पहुंचते ही बदल रहा स्थान जानकारी के अनुसार एमई अगर किसी के पास भी कॉल भी करता है तो वह अलग अलग नंबरों से कर रहा है। एसीबी का कहना है कि अगर उसकी नंबर की लोकेशन पर पहुंचते हैं तो वह पहले ही वहां से जगह बदल लेता है। टीम ने उसे जल्द से जल्द पकड़ने का दावा किया है। एसीबी इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश लगातार जारी है। उम्मीद है कि वह जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ऑपरेटर कम स्वीपर पकड़ा जा चुका बता दें कि इसी रिश्वत मामले में गिरफ्तार ऑपरेटर कम स्वीपर संजय शर्मा को कोर्ट पहले ही 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। 5 नवंबर को उसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश किया गया था। अभियोजन पक्ष ने 14 दिन के न्यायिक रिमांड की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। अब संजय को 19 नवंबर को दोबारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश किया जाएगा। एमई का नाम आया था सामने एसीबी इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि नगर परिषद में रिश्वत लेते संजय शर्मा की गिरफ्तारी के बाद एमई वरुण शर्मा का नाम सामने आया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा है। एसीबी की टीम उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। टीम का कहना है कि जल्द से जल्द एमई को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।