समाचार · मध्य प्रदेश
नहाय-खाय से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व:छठ के लिए इंदौर में घाट तैयार, सुखलिया से निपानिया तक सफाई और सजावट अंतिम चरण में
लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। सूर्य उपासना और कठिन व्रत-साधना के इस पर्व को लेकर इंदौर में तैयारियां तेज हो गई हैं। सुखलिया, कैट रोड, निपानिया, विजय नगर और स्कीम नंबर 78 सहित शहर के कई क्षेत्रों में छठ घाटों की सफाई, कुंडों के निर्माण और सजावट का काम अंतिम चरण में है। पूजा समितियों के साथ स्थानीय रहवासी भी व्यवस्थाएं पूरी करने में जुटे हैं। नहाय-खाय से होगी पर्व की शुरुआत महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को व्रती स्नान-ध्यान के बाद व्रत का संकल्प लेंगे। इस दिन पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ तैयार चावल, दाल और लौकी की सब्जी ग्रहण की जाएगी। इसी के साथ चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत होगी। खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत शनिवार को दूसरे दिन खरना होगा। व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के प्रसाद में गन्ने के रस या दूध में बनी चावल की खीर, पिठ्ठा और घी लगी रोटी प्रमुख रूप से शामिल होती है। भगवान सूर्य को भोग लगाने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा, जो सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूरा होगा। रविवार को डूबते और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य रविवार को तीसरे दिन व्रती घाटों और जलकुंडों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। इसके अगले दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसी के साथ छठ महापर्व का समापन होगा। सुखलिया से निपानिया तक घाटों पर तैयारियां पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान मध्यप्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह और महासचिव के.के. झा ने बताया कि बापट चौराहे के पास सुखलिया क्षेत्र में घाट की सफाई, निर्माण और सजावट का काम तेजी से चल रहा है। यहां बड़ी संख्या में व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कैट रोड स्थित श्री सूर्य मंदिर परिसर में भी छठ पूजा की तैयारियां की जा रही हैं। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बनाए गए कुंड की सफाई शुरू कर दी गई है। घाटों की सफाई के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप निपानिया के समर पार्क में छठ घाट की सफाई कराई जा रही है। क्षेत्र के निपानिया तालाब को भी विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा विजय नगर के स्कीम नंबर 54 स्थित छठ घाट और स्कीम नंबर 78 सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में भी सफाई और जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।