Friday, 13 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

लुधियाना के जनकपुरी में देर रात हंगामा:लोग बोले-अज्ञात युवकों ने वाहन तोड़े, बोतलें बरसाई, दो पक्षों का था विवाद

INT News13 November 2026 at 06:30 am

लुधियाना के जनकपुरी की गली नंबर 8 में देर रात कुछ युवकों ने कथित तौर पर हंगामा किया। इलाका निवासियों के मुताबिक, हमलावरों ने 7 से 10 वाहनों में तोड़फोड़ की। लोगों का कहना है कि हमलावरों की संख्या करीब 25 से 30 थी। घटना के दौरान एक युवक के सिर पर चोट आई। लोगों ने घरों की छतों से घटना के वीडियो भी बनाए। भीड़ जुटने पर युवक गली से भाग गए। इलाका निवासियों ने देर रात करीब 12 बजे जनकपुरी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ‘बेटे के सिर पर चोट लगी’ महिला नीतू ने आरोप लगाया कि युवक उनके घर आए और ईंटें व बोतलें फेंकीं। उन्होंने कहा, “मेरे बेटे के सिर पर चोट लगी है। उसके 7 टांकें लगे है। हमलावरों ने उसे धमकी दी कि उसकी मां के चेहरे पर तेजाब डाल देंगे। नीतू के मुताबिक, भागते समय युवकों ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया, जिनमें 2 से 3 एक्टिवा भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनके बेटे की युवकों से क्या दुश्मनी थी। स्थानीय लोगों ने विवाद का कारण बताने में असमर्थता जताई इलाका निवासी तुषार गुप्ता ने कहा कि युवकों का किसी अन्य व्यक्ति से झगड़ा था, लेकिन उन्होंने मोहल्ले के लोगों के वाहन तोड़ दिए। उन्होंने दावा किया कि जब उनकी भाभी ने युवकों को रोकने की कोशिश की तो उन्हें धमकियां दी गईं। तुषार ने कहा कि जनकपुरी में चिट्टा बिकने की बात सुनने में आई है, लेकिन यह झगड़ा नशे से जुड़ा था या नहीं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि विवाद के कारण की जांच होनी चाहिए और मोहल्ले के लोगों को नुकसान हुआ है। स्थानीय निवासी सन्नी के मुताबिक, लोग घरों में सो रहे थे, तभी मोहल्ले में शोर सुनाई दिया और कुछ युवकों ने वाहनों में तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद था, लेकिन उसकी वजह जांच का विषय है।