समाचार · मध्य प्रदेश
खेत में काम कर रहे किसान पर हाथी का हमला:हाथ-पैर और कमर में चोट; मंडला के जंगल से आया था, वन विभाग कर रहा निगरानी
डिंडोरी के मेहदवानी वन परिक्षेत्र के डोभी गांव में बुधवार सुबह खेत में काम कर रहे किसान पर हाथी ने हमला कर दिया। हाथी के पटकने से मंगल सिंह परस्ते (55) के हाथ-पैर और कमर में चोट आई। वन विभाग की टीम ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहदवानी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हाथी की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। धान की फसल खा रहा था हाथी घायल किसान के बेटे डोभी निवासी गोपाल सिंह परस्ते ने बताया कि वह मवेशी चरा रहे थे, जबकि उनके पिता मंगल सिंह खेत में काम कर रहे थे। इस दौरान हाथी खेत के पीछे धान की फसल खा रहा था। मंगल सिंह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही हाथी ने उन पर हमला कर दिया और पटक दिया। घटना के बाद वन विभाग की गाड़ी से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। मंडला के जंगल से आया हाथी, रात में भी गश्त शहपुरा एसडीओ सुनील अशोक ने बताया कि मंडला जिले के टिकरिया रेंज के जंगल से दो दिन पहले एक हाथी इस क्षेत्र में आया था। सूचना मिलने के बाद जंगल के किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया गया। वन विभाग की टीम दिन और रात गश्त कर रही है। हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसडीओ के मुताबिक, फिलहाल हाथी मंडला जिले की ओर जाता दिखाई दे रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।