समाचार · हरियाणा
सोनीपत में 2 पटवारी सस्पेंड:ड्यूटी में लापरवाही और लोगों से खराब व्यवहार के आरोप; DC ने की कार्रवाई
सोनीपत जिले में प्रशासनिक कार्य में लापरवाही बरतने और लोगों के साथ व्यवहार को लेकर उपायुक्त ने सख्त कदम उठाते हुए दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। डीसी की ओर से 27 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, निलंबित किए गए कर्मचारियों में बड़ौत हलके में तैनात पटवारी अरुण कागड़ा और गन्नौर हलके में तैनात पटवारी नवीन कुमार शामिल हैं। दोनों पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने, आमजन के साथ अच्छा व्यवहार न करने और उच्च अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने के आरोपों के तहत यह कार्रवाई की गई है। गुजारा भत्ते की शर्तें और खरखौदा मुख्यालय निर्धारित प्रशासनिक आदेश के तहत निलंबन काल में दोनों पटवारियों को हरियाणा सिविल सेवाएं (सामान्य) नियमावली, 2016 के नियम 83 और 84 के प्रावधानों के अनुसार गुजारा भत्ता देय होगा, जिसके लिए उन्हें यह शपथ पत्र देना होगा कि इस दौरान उन्होंने कोई निजी काम या कारोबार नहीं किया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय उपमंडल अधिकारी (नागरिक), खरखौदा कार्यालय निर्धारित किया गया है। आदेश की प्रतियां गन्नौर व खरखौदा के एसडीएम, संबंधित तहसीलदारों, दोनों पटवारियों और वेतन लिपिक को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दी गई हैं।