समाचार · झारखंड
Exclusive : रूस में फंसा जमशेदपुर का मनीष घर लौटा, मां ने छठी मैया से मांगी थी मन्नत, बताया - कैसे बीते 27 दिन

जमशेदपुर : रूस घूमने और ट्रैवल व्लॉगिंग करने गया जमशेदपुर का 23 वर्षीय मनीष साहू 27 दिनों तक वहां फंसा रहा. इस दौरान परिवार से संपर्क टूटने और हिरासत में रखे जाने की खबर ने घरवालों की चिंता बढ़ा दी थी. मां नीलम साहू बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास कर रही थीं. उन्होंने छठ पर्व के दौरान छठी मइया से बेटे की सलामती और सकुशल घर लौटने की प्रार्थना भी की थी. आखिरकार इंतजार खत्म हुआ और मनीष शुक्रवार को जमशेदपुर स्थित अपने घर पहुंच गया. 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचने के बाद वह ट्रेन से जमशेदपुर लौटा. राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने भी उसकी सुरक्षित वापसी की पुष्टि की है.
छह अक्तूबर को गया था रूस
परसुडीह के लोको कॉलोनी में साईं मंदिर के पास रहनेवाला मनीष छत्तीसगढ़ के एक प्लांट में काम करता था. वह छह अक्तूबर 2026 को पर्यटक के रूप में रूस गया था. वहां कुछ दिन घूमने-फिरने और ट्रैवल व्लॉगिंग करने के बाद उसकी मुश्किलें शुरू हो गयीं. 27 अक्तूबर के बाद परिवार से उसका संपर्क टूट गया. बाद में मनीष ने अपनी मां को फोन कर बताया - उसे पकड़ लिया गया है. उसके बाद परिजनों ने जमशेदपुर के डीसी राजीव रंजन से मुलाकात की. सकुशल वापसी कराने का आग्रह किया था. मनीष ने पुलिस पर दुर्व्यवहार करने, झूठे आरोप लगाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.
सेना में शामिल होने का बनाया जा रहा था दबाव
मनीष के अनुसार, हिरासत के दौरान उससे सेना में शामिल होने या फिर कोर्ट में केस लड़ने की बात कही जा रही थी. उसने आरोप लगाया कि इस दौरान उस पर लगातार दबाव बनाया गया और मानसिक रूप से परेशान किया गया. मनीष ने बताया - करीब 27 दिनों तक उसे इस परेशानी से गुजरना पड़ा. परिवार से संपर्क टूटने के बाद उसने अपनी मां नीलम साहू को फोन कर हिरासत में लिये जाने की जानकारी दी थी.
डीसी के माध्यम से राज्य सरकार को दी गयी थी जानकारी
मां की शिकायत के बाद मामला राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष तक पहुंचा. डीसी के माध्यम से राज्य सरकार को भी इसकी जानकारी दी गयी. राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने 29 अक्तूबर को प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स, रांची और मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर मनीष को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया. तीन नवंबर को येकातेरिनबर्ग स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने निरोध केंद्र में मनीष से मुलाकात की. उस समय उसका स्वास्थ्य सामान्य पाया गया.
ये भी पढ़ें : Video : अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, केंद्र के विशेष सत्र पर कही यह बात
चार हजार रूबल का जुर्माना, रूस से निष्कासन का आदेश
निरोध केंद्र के प्रमुख की ओर से जारी आदेश में मनीष को प्रशासनिक अपराध का दोषी मानते हुए चार हजार रूबल का जुर्माना लगाया गया था. साथ ही रूस से अनिवार्य निष्कासन का आदेश दिया गया. नौ नवंबर को न्यायिक अधिकारी ने मामले की समीक्षा की और 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस छोड़ने की अनुमति दी. भारतीय महावाणिज्य दूतावास के सहयोग से मनीष 25 नवंबर को रूस से रवाना हुआ. 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचने के बाद शुक्रवार को अपने घर जमशेदपुर लौट आया.
बेटे की वापसी से परिवार में लौटी खुशियां
मनीष की सुरक्षित वापसी से परिवार में खुशी का माहौल है. बेटे की सलामती के लिए मां नीलम साहू ने छठी मइया से प्रार्थना की थी. लंबे इंतजार और चिंता के बाद बेटे को घर में देखकर परिवार ने राहत की सांस ली. राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने मनीष की सुरक्षित वापसी में सहयोग करनेवाले अधिकारियों के प्रति आभार जताया है.
ये भी पढ़ें : Video : जमशेदपुर पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचकर मां सायरा मुंडा को दी श्रद्धांजलि