Saturday, 28 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

​12 लाख के सेब हड़पने रची लूट-हादसे की कहानी:कारोबारी को बताया- हादसे के बाद भीड़ 800 पेटियां लूट ले गई; मुरैना के गोदाम से पूरा माल बरामद

INT News27 November 2026 at 10:55 pm

12 लाख रुपए कीमत के सेब हड़पने के लिए ट्रक मालिक और चालक ने लूट और सड़क हादसे की झूठी कहानी रच दी। कारोबारी को फोन कर बताया कि ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और स्थानीय लोग 800 पेटियां सेब लूटकर ले गए, जबकि 200 पेटियां ही बची हैं। लेकिन कारोबारी को उनकी कहानी पर संदेह हो गया। उसने ग्वालियर पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। जांच में पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया। पुलिस ने ट्रक चालक दिनेश गुर्जर और मालिक सूरज गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर मुरैना के सरायछोला क्षेत्र में एक गोदाम से 800 पेटियां सेब बरामद की गई हैं। पुलिस ने बरामद माल कारोबारी को सौंप दिया है। बेंगलुरु जा रही थीं 1000 पेटियां, रास्ते में बदली नीयत जम्मू-कश्मीर निवासी शाहिद अली थोक सेब कारोबारी हैं। उन्होंने करीब 1000 पेटियां सेब एक ट्रक में लदवाकर बेंगलुरु के लिए रवाना की थीं। ट्रक को चालक दिनेश गुर्जर चला रहा था। आरोप है कि रास्ते में चालक दिनेश और ट्रक मालिक सूरज गुर्जर की नीयत खराब हो गई। दोनों ने सेब की खेप हड़पने की योजना बनाई और कारोबारी को झूठी दुर्घटना की सूचना देने का फैसला किया। कारोबारी को बताया- भीड़ उठा ले गई 800 पेटियां योजना के मुताबिक, दोनों ने कारोबारी शाहिद अली को फोन कर बताया कि ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोग 800 पेटियां सेब उठा ले गए, जबकि 200 पेटियां ही सुरक्षित बची हैं। हालांकि, कारोबारी को उनकी बातों में विरोधाभास नजर आया। उसे पूरे घटनाक्रम पर संदेह हुआ तो वह 26 नवंबर को ग्वालियर पहुंचा और महाराजपुरा थाना क्षेत्र की बरेठा चौकी में शिकायत की। पूछताछ में खुली झूठी लूट की कहानी शिकायत मिलने के बाद बरेठा चौकी प्रभारी रोहित सिंह भदौरिया ने जांच शुरू कराई। पुलिस ने सबसे पहले चालक दिनेश गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह हादसे की कहानी दोहराता रहा, लेकिन बाद में उसने ट्रक मालिक सूरज गुर्जर के साथ मिलकर पूरी साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने सूरज को भी गिरफ्तार कर लिया। मुरैना के गोदाम में छिपा रखी थीं 800 पेटियां आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम मुरैना जिले के सरायछोला पहुंची। यहां एक निर्माणाधीन मकान के गोदाम में सेब की 800 पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने पूरा माल बरामद कर लिया। इसकी कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई गई है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बरामद सेब कारोबारी शाहिद अली को सौंप दिए। अपना माल वापस मिलने पर कारोबारी ने पुलिस टीम का आभार जताया।