समाचार · मध्य प्रदेश
भस्म आरती के नाम पर ठगी, गाजियाबाद का शिक्षक गिरफ्तार,:रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालते थे मोबाइल नंबर, मंदिर के कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध
उज्जैन के महाकाल मंदिर में भस्म आरती दर्शन के नाम पर सोशल मीडिया के जरिए चल रहे कथित ठगी के खेल में पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा है। इनमें उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का एक शिक्षक और उसका साथी शामिल है, जिसे रतलाम से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सोशल मीडिया पर रील बनाकर भस्म आरती की बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर डालते थे। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कुछ श्रद्धालुओं को भस्म आरती के साथ चांदी द्वार से प्रोटोकॉल दर्शन भी करवाए थे। अब पुलिस महाकाल मंदिर से जुड़े कर्मचारियों के साथ आरोपियों के संपर्क की जांच कर रही है। रील में नंबर डालकर करते थे बुकिंग का प्रचार महाकाल मंदिर में भस्म आरती दर्शन कराने के नाम पर इंस्टाग्राम और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक रील अपलोड की गई थी। इसमें भस्म आरती की बुकिंग के लिए संपर्क करने का मोबाइल नंबर दिया गया था। महाकाल थाना पुलिस को इसकी शिकायत मिली तो नंबर की जांच शुरू की गई। पता चला कि यह नंबर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का है। इसके बाद पुलिस ने गाजियाबाद पहुंचकर शिक्षक निशांत शर्मा को हिरासत में लिया। उसके साथी को रतलाम से गिरफ्तार किया गया। 1000 रुपए देकर खुद किए थे भस्म आरती दर्शन पुलिस पूछताछ में शिक्षक निशांत शर्मा ने बताया कि करीब तीन महीने पहले वह उज्जैन दर्शन करने आया था। भस्म आरती की अनुमति के लिए लाइन में लगने के बावजूद उसे परमिशन नहीं मिली। इसी दौरान एक अनजान व्यक्ति ने उससे संपर्क किया और 1000 रुपए में भस्म आरती दर्शन का पास दिलाने की बात कही। निशांत ने उसे रुपए दिए और भस्म आरती के दर्शन किए। कमीशन के लालच में सोशल मीडिया पर डाला नंबर निशांत के मुताबिक, जिस व्यक्ति ने उसे पैसे लेकर भस्म आरती के दर्शन कराए थे, उसी ने उसे सोशल मीडिया पर रील अपलोड करने की सलाह दी। उसने कहा था कि रील के जरिए जो लोग संपर्क करें, उन्हें उसका मोबाइल नंबर दे देना। इसके बदले कमीशन मिलेगा। इसके बाद निशांत ने भस्म आरती दर्शन की बुकिंग के लिए रील में नंबर डालना शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक, बुकिंग से जुड़े रुपए निशांत के खाते में नहीं आते थे, बल्कि बुकिंग कराने वालों के खातों में ट्रांसफर किए जा रहे थे। मंदिर कर्मचारियों से कनेक्शन की जांच महाकाल थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपियों ने भस्म आरती के अलावा कुछ श्रद्धालुओं को चांदी द्वार से प्रोटोकॉल दर्शन भी कराए थे। इस पूरे मामले में उज्जैन के एक अन्य युवक की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में महाकाल मंदिर से जुड़े कुछ कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस अब आरोपियों के संपर्कों और दर्शन कराने की पूरी व्यवस्था की जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।