entertainment
'छोटे नुसरत' बनकर 'अल्फाज' गाकर छाए लाहौर के बच्चे, नॉर्वे के सिंगर भी हुए मुरीद, Video वायरल

Alfaaz Song Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों लाहौर (Lahore) के कुछ बच्चों का एक म्यूजिक वीडियो खूब पसंद किया जा रहा है. इसमें नॉर्वे (Norway) के सिंगर विलियम गैंबोर्ग (William Gamborg) बच्चों के साथ पंजाबी गाना 'अल्फाज' गाते नजर आ रहे हैं. उनकी आवाज और आत्मविश्वास ने लोगों का ध्यान खींचा है.
आपको बता दें कि यह वीडियो लाहौर की सुरताल म्यूजिक एकेडमी का बताया जा रहा है. एकेडमी के संस्थापक जिया-उल-हक के मुताबिक, विलियम गैंबोर्ग अपने साथ म्यूजिक प्रोड्यूसर जुल्फिकार जब्बार खान यानी जुल्फी के साथ वहां पहुंचे थे. इसी दौरान बच्चों ने उनके सामने 'अल्फाज' गाना शुरू किया. बच्चों की गायकी सुनकर गैंबोर्ग भी उनके साथ सुर मिलाने लगे.
ऐसे में वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे खूब शेयर किया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्लिप को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर 49.2 मिलियन यानी करीब 4.92 करोड़ व्यूज मिल चुके हैं. हालांकि, अलग-अलग रिपोर्ट और प्लेटफॉर्म पर इसके व्यूज की संख्या में अंतर बताया गया है.
क्यों कहा जा रहा है बच्चों को 'छोटे नुसरत'?
इस वीडियो में बच्चों की गायकी से प्रभावित होकर एक भारतीय सोशल मीडिया यूजर ने उनकी तुलना मशहूर पाकिस्तानी कव्वाल नुसरत फतेह अली खान से की. इसके बाद इन बच्चों को ऑनलाइन 'लिटिल नुसरत' यानी 'छोटे नुसरत' कहा जाने लगा.
भारत और पाकिस्तान के कई सोशल मीडिया यूजर्स ने बच्चों की आवाज और मंच पर उनके आत्मविश्वास की तारीफ की. खास बात यह रही कि पंजाबी गाने और बच्चों की प्रस्तुति ने दोनों देशों के लोगों को एक साथ उनकी तारीफ करने का मौका दिया.
View on Instagram
कौन हैं विलियम गैंबोर्ग?
विलियम गैंबोर्ग नॉर्वे के सिंगर, सॉन्गराइटर और डांसर हैं. वह साल 2014 में टैलेंट शो 'नॉर्स्के टैलेंटर' में नजर आए थे. उन्होंने 2021 में अपना पहला सिंगल रिलीज किया था. उनका नाम डांस ग्रुप क्विक स्टाइल से भी जुड़ा है. यही वह ग्रुप है, जिसका साल 2022 में 'काला चश्मा' गाने पर किया गया डांस सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था.
इस बार चर्चा गैंबोर्ग से ज्यादा उन बच्चों की हो रही है, जिन्होंने अपनी सादगी और सुरों से इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया.
पंजाबी गाना 'अल्फाज' पाकिस्तानी सिंगर हमजा मलिक और जायन जोहेब ने गाया है. अब इसी गाने को लाहौर की सुरताल म्यूजिक एकेडमी के बच्चों ने अपनी आवाज में गाया. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
ये भी पढ़ें: सपना चौधरी ने हटवाया पति के नाम का टैटू, वीडियो वायरल