Saturday, 28 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

आगरा मेट्रो के खिलाफ छात्र-शिक्षकों का हल्ला बोल, MG रोड पर लगा जाम, 24 घंटे का अल्टीमेटम

INT News27 November 2026 at 11:34 pm

Agra Metro Protest: आगरा में आगरा कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने मेट्रो प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. शुक्रवार को कॉलेज से निकाले गए पैदल मार्च के दौरान एमजी रोड पर जमकर नारेबाजी हुई. प्रदर्शनकारियों ने आगरा कॉलेज के ऐतिहासिक खेल मैदान और कॉलेज की जमीन पर कथित तौर पर अनधिकृत कब्जा कर पार्किंग निर्माण कराने का आरोप लगाया. प्रदर्शन के चलते एमजी रोड पर जाम लग गया और हरीपर्वत चौराहे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

कॉलेज से मेट्रो स्टेशन तक निकाला पैदल मार्च

आगरा कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं शुक्रवार दोपहर कॉलेज परिसर से पैदल मार्च करते हुए एमजी रोड पर निकले. प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए मेट्रो स्टेशन पहुंचे. इस दौरान स्टाफ क्लब के सदस्य भी शामिल रहे. छात्रों और शिक्षकों ने मेट्रो प्रशासन के निर्माण कार्य पर सवाल उठाए. उनका आरोप है कि मेट्रो प्रशासन कॉलेज की भूमि पर अनधिकृत रूप से पार्किंग का निर्माण कर रहा है. साथ ही कॉलेज की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया है.

ऐतिहासिक खेल मैदान पर तीन साल से नहीं हो पा रहीं गतिविधियां

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मेट्रो निर्माण कार्य के कारण पिछले करीब तीन वर्षों से आगरा कॉलेज के खेल मैदान पर खेल गतिविधियां नहीं हो पा रही हैं. ऐतिहासिक मैदान पर निर्माण कार्य होने से विद्यार्थियों को खेलकूद और अन्य शारीरिक गतिविधियों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. छात्रों और शिक्षकों ने बताया कि मेट्रो कॉरपोरेशन की ओर से पहले दस बिंदुओं पर लिखित आश्वासन दिया गया था. उनकी मांग है कि इन आश्वासनों को बिना शर्त स्वीकार किया जाए और उनका पालन सुनिश्चित किया जाए.

एमजी रोड पर लगा जाम, हरीपर्वत चौराहे तक वाहनों की कतार

छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रदर्शन के कारण एमजी रोड पर यातायात प्रभावित हुआ. हरीपर्वत चौराहे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मेट्रो परियोजना के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय के साथ वार्ता की. दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत चली.

कॉलेज प्रशासन ने दिया 24 घंटे का समय

आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने बताया कि शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं में कॉलेज की भूमि, खेल मैदान और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर आक्रोश है. इस संबंध में मेट्रो प्रशासन के साथ वार्ता की गई है. उन्होंने बताया कि मेट्रो प्रशासन को सकारात्मक निर्णय लेने और पहले दिए गए लिखित आश्वासनों का पालन सुनिश्चित करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है. यदि इस दौरान मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो आगे आंदोलन किया जाएगा.

कॉलेज की एक इंच जमीन भी नहीं देने देंगे : स्टाफ क्लब

स्टाफ क्लब के सचिव डॉ. आनंद प्रताप सिंह ने कहा कि कॉलेज की एक इंच अतिरिक्त भूमि भी मेट्रो प्रशासन या किसी अन्य एजेंसी को नहीं लेने दी जाएगी. उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक खेल मैदान है और इसकी सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा.

मेट्रो प्रशासन बोला- आवंटित जमीन पर ही हो रहा काम

आगरा मेट्रो के परियोजना निदेशक एके राय ने बताया कि सरकार की ओर से मेट्रो को जो जमीन दी गई है, उसी पर निर्माण कार्य किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि एक बाउंड्री वॉल को तोड़ने को लेकर कॉलेज प्रशासन असमंजस में है. इस मामले में कॉलेज प्रशासन के साथ बैठक कर वार्ता की जा रही है. दोनों पक्ष मिलकर इसका समाधान निकाल लेंगे.

Also Read: HIV नियंत्रण में वाराणसी ने रचा इतिहास, मिला सुरक्षित जिले का दर्जा, यूपी में पहला स्थान