समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर हाईकोर्ट की एमपी पुलिस को कड़ी फटकार:कहा-'अफसर विभाग को बेलगाम घोड़ा बनाने पर तुले', DGP-SSP की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
ग्वालियर में कैंसर पीड़ित कैदी को इलाज के लिए एम्स न भेजने और कोर्ट में तथ्यों को छिपाने के मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने पुलिस विभाग पर बेहद सख्त रुख अपनाया है। जस्टिस जी.एस. अहलूवालिया और जस्टिस अनुराधा शुक्ला की डिवीजन बेंच ने डीजीपी कैलाश मकवाना और ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस के आला अधिकारी नागरिकों के जीवन, स्वतंत्रता और देश के कानून का सम्मान नहीं करते, बल्कि वे विभाग को एक 'बेलगाम घोड़ा' बनाने की कोशिश कर रहे हैं। कोर्ट ने पुलिस विभाग की इस पूरी हकीकत से अवगत कराने के लिए आदेश की कॉपी प्रदेश के मुख्यमंत्री (CM) और मुख्य सचिव (CS) को भेजने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को वेबसाइट पर इस मामले का डिटेल ऑर्डर आया है। 34 में से 31 मांग-पत्र दबाए सुनवाई में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पुलिस लाइन (रिजर्व इंस्पेक्टर) को कुल 34 मांग-पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से केवल 3 पर ही कार्रवाई की गई और बाकी 31 को दबा दिया गया। इस गंभीर लापरवाही को पहले कोर्ट में पेश किए गए जवाब में भी छिपाया गया। डीजीपी की 'क्लीन चिट' पर नाराजगी डीजीपी कैलाश मकवाना की ओर से पेश टिप्पणियों में विभाग को क्लीन चिट देते हुए कहा गया था कि आपराधिक अपील में जमानत अर्जी पर कैदी के जीवन व स्वतंत्रता का प्रश्न नहीं उठता। इस पर कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि डीजीपी ने बिना रिकॉर्ड देखे खुद को और विभाग को ईमानदारी का सर्टिफिकेट दे दिया। उनकी जानकारी और मार्गदर्शन में ही तथ्यों पर पर्दा डालने का खेल चल रहा है। एसएसपी की सफाई नामंजूर, आरआई व सिपाही सस्पेंड कोर्ट के तलब करने पर व्यक्तिगत रूप से पेश हुए ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि रिजर्व इंस्पेक्टर (RI) रंजीत सिंह सिकरवार और एक आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है, जिन्हें जांच पूरी होने तक बहाल नहीं किया जाएगा। हालांकि, एसएसपी द्वारा खुद के 'ट्रेनिंग पर होने' और प्रारंभिक जांच के लिए एक महीने का समय मांगने की दलील को कोर्ट ने खारिज कर दिया। कोर्ट रीडर द्वारा दस्तावेजों में छेड़छाड़ भी पकड़ी गई सुनवाई के दौरान न्यायिक दस्तावेजों में छेड़छाड़ का मामला भी सामने आया। 25 नवंबर को नियमित रीडर हरिओम शर्मा द्वारा अनुपालन रिपोर्ट पेश करने की दी गई अनुमति को स्थानापन्न रीडर मो. साबिर ने काट दिया और 26 नवंबर को बिना कोर्ट की अनुमति के नई अनुमति दर्ज कर दी।