समाचार · उत्तर प्रदेश
HIV नियंत्रण में वाराणसी ने रचा इतिहास, मिला सुरक्षित जिले का दर्जा, यूपी में पहला स्थान

Varanasi HIV control: वाराणसी ने HIV/AIDS नियंत्रण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) की ओर से जारी रैंकिंग में वाराणसी को सुरक्षित जिले का दर्जा मिला है. उत्तर प्रदेश के छह जिलों को इस रैंकिंग में शामिल किया गया था, जिसमें वाराणसी ने पहला स्थान हासिल किया है. यह उपलब्धि जिले में HIV की जांच, उपचार और नियंत्रण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है.
HIV नियंत्रण में वाराणसी ने हासिल किए तीनों मानक
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन की रैंकिंग में वाराणसी को सुरक्षित जिले की श्रेणी में रखा गया है. यह सफलता HIV/AIDS नियंत्रण कार्यक्रम के तहत समय पर जांच, उपचार और अन्य जरूरी गतिविधियों को प्रभावी तरीके से लागू करने के कारण मिली है. उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में स्वास्थ्य विभाग और संबंधित संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
सुरक्षित जिले का दर्जा ऐतिहासिक उपलब्धि : ADM
अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता ने कहा कि सुरक्षित जनपद का दर्जा मिलना केवल किसी रैंकिंग या श्रेणी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वाराणसी के लिए ऐतिहासिक मील का पत्थर है. उन्होंने कहा कि यह सफलता सभी संबंधित विभागों, स्वास्थ्यकर्मियों, सहयोगी संस्थाओं और समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है.
95-95-95 मानकों पर होती है जिलों की रैंकिंग
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने बताया कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन HIV कार्यक्रम की प्रगति और प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए 95-95-95 के मूल मानकों के आधार पर जिलों का आकलन करता है. इन मानकों के आधार पर जिलों को तीन श्रेणियों में रखा जाता है. एक मानक हासिल करने वाले जिले को संघर्षशील, दो मानक हासिल करने वाले जिले को सक्षम और तीनों मानक हासिल करने वाले जिले को सुरक्षित श्रेणी में रखा जाता है.
क्या हैं HIV नियंत्रण के 95-95-95 मानक?
डॉ. पीयूष राय के अनुसार, HIV नियंत्रण के लिए निर्धारित तीन मानक इस प्रकार हैं.
पहला 95: अनुमानित HIV पॉजिटिव आबादी के कम से कम 95 प्रतिशत लोगों को अपने HIV स्टेटस की जानकारी हो.
दूसरा 95: जिन लोगों को अपना HIV स्टेटस पता है, उनमें से कम से कम 95 प्रतिशत लोग एंटीरेट्रोवाइरल थेरेपी (ART) से जुड़े हों.
तीसरा 95: ART से जुड़े और उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों में कम से कम 95 प्रतिशत का वायरल लोड सप्रेस्ड यानी नियंत्रित हो.
वाराणसी में 4105 मरीजों का वायरल लोड सप्रेस्ड
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि नियमित समीक्षा और आंकड़ों की निगरानी के जरिए वाराणसी ने 95-95-95 के निर्धारित मानकों में शानदार उपलब्धि हासिल की है. जनपद में 4105 मरीजों का वायरल लोड सप्रेस्ड होना इस दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का अहम परिणाम है. इससे HIV नियंत्रण कार्यक्रम की प्रभावशीलता का पता चलता है.
उपलब्धि को बनाए रखने के लिए जारी रहेंगे प्रयास
सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने इस कार्य में लगे सभी स्वास्थ्यकर्मियों और संबंधित संस्थाओं का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि वाराणसी को सुरक्षित जिले का दर्जा दिलाने में सभी का सामूहिक योगदान रहा है. उन्होंने भरोसा जताया कि इस उपलब्धि को आगे भी बनाए रखने के लिए जांच, उपचार और निगरानी से जुड़े प्रयास लगातार जारी रहेंगे.
Also Read : पूर्वांचल में औद्योगिक क्रांति की तैयारी, सीएम योगी देंगे 502 करोड़ की सौगात, 5 कंपनियां करेंगी 17,650 करोड़ का निवेश