national
अमेरिका में राहुल गांधी का दावा- भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ टूट चुकी है, BJP ने किया पलटवार

न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने वोट चोरी के आरोप दोहराये और कहा कि भारत में सड़कों पर हो रहे विरोध प्रदर्शन युवाओं की आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का नतीजा हैं.
राहुल गांधी ने कहा, "सीधी बात यह है कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है. यह हकीकत है, जिसे नजरअंदाज किया जा सकता है. मीडिया इसे दबा सकता है, लेकिन देश में बेरोजगारी की बड़ी समस्या है. शिक्षा व्यवस्था भी गंभीर संकट से जूझ रही है." गांधी ने मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं को भी बेअसर बताया.
राहुल गांधी ने अपने भाषण में अर्थव्यवस्था और वैश्विक राजनीति पर भी बात की. उन्होंने भारत की आर्थिक व्यवस्था की तुलना चीन से की. राहुल गांधी ने कहा कि चीन ने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूत किया है और बड़ी संख्या में ब्लू-कॉलर यानी मजदूर वर्ग के लिए रोजगार पैदा किया है.
राहुल गांधी ने कहा, "मैं भारत के नजरिये से उत्पादन को बढ़ावा देने के पक्ष में हूं. ऐसा नहीं है कि भारत ने पहले कभी ऐसा नहीं किया. देश ने पहले भी इस दिशा में कामयाबी हासिल की है. लेकिन अगर किसी देश की पूरी व्यवस्था पर सिर्फ दो उद्योगपतियों का नियंत्रण हो, तो ऐसे में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को आगे बढ़ाने की उम्मीद नहीं की जा सकती."
देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ टूट चुकी है : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, "भारत का यह आर्थिक मॉडल करीब एक दशक पहले ही नतीजे देना बंद कर चुका है. प्रधानमंत्री लगातार नई-नई योजनाएं लेकर आ रहे हैं. मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहल भी शुरू की गईं. लेकिन इनसे क्या हासिल हुआ? कुछ भी नहीं. क्योंकि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ टूट चुकी है." उन्होंने मोदी सरकार की प्रमुख योजनाओं पर सवाल उठाये.
बीजेपी ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार किया
बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, "राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, भारत के बारे में गलत बयान देते हैं. उनका मकसद देश की तरक्की को कमतर दिखाना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बन रही भारत की मजबूत छवि को नुकसान पहुंचाना है."
भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयान का मकसद भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि एक ओर देश कई क्षेत्रों में तरक्की कर रहा है, वहीं राहुल गांधी विदेश में भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.