समाचार · मध्य प्रदेश
बांधवगढ़ में 238 जिप्सियों जांच में फिट:मोबाइल उपयोग न करने के स्टीकर लगाने कहा, 1 अक्टूबर से घूम सकेंगे पर्यटक
उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 1 अक्टूबर से नया पर्यटन सीजन शुरू होने जा रहा है। इसके लिए पार्क प्रबंधन ने सफारी जिप्सियों की फिटनेस और अन्य जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। इस साल कुल 258 जिप्सियों की फाइलें जमा हुई थीं, जिनमें से रविवार तक 238 जिप्सियों की जांच पूरी हो चुकी है। राहत की बात यह रही कि अब तक जांची गई सभी गाड़ियां तय नियमों के मुताबिक सही पाई गई हैं। पर्यटकों की सुरक्षा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने वाहनों के लिए कई कड़े मानक तय किए हैं। वाहन में 8 सीट की पासिंग और उसकी लंबाई अधिकतम 5200 मिमी होनी चाहिए। गाड़ी की आवाज की सीमा 80 डेसिबल तय की गई है। फ्लोर से सीट की ऊंचाई अधिकतम 18 इंच रखी गई है। गाड़ी का रंग हार्वेस्ट ग्रीन होना चाहिए और चारों तरफ पीले रंग के स्टीकर लगे होना जरूरी है। सामने व पीछे 10 इंच के स्टीकर और गाड़ी पर 4 इंच की ऊंचाई में आवंटित कोड नंबर लिखा होना अनिवार्य है। जंगल में मोबाइल का इस्तेमाल न करने की हिदायत वाले स्टीकर भी वाहनों पर लगाए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था और मेडिकल किट की भी हो रही जांच जांच के दौरान जिप्सियों की लंबाई, चौड़ाई, सीटों की स्थिति, टायरों की हालत, बारिश से बचाव वाले हुड और गाइड की सीट का जायजा लिया जा रहा है। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति के लिए स्टेपनी, जरूरी स्पेयर पार्ट्स और मेडिकल किट की मौजूदगी भी देखी जा रही है। पर्यटन अधिकारी अंकित सोनी ने बताया कि इस प्रक्रिया का मुख्य मकसद पर्यटकों की यात्रा को सुरक्षित और आरामदायक बनाना है, ताकि गाइड और चालक उन्हें बेहतर से बेहतर अनुभव दे सकें।