समाचार · झारखंड
निशा भगत केस: थानेदार सतीश पांडे से CBI की पूछताछ, बयान दर्ज कर आज दिल्ली लौटेगी टीम

रांची : झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए दिल्ली सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 ने जांच तेज कर दी है. जांच टीम ने पिठोरिया के तत्कालीन थानेदार सतीश पांडे से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया है. रांची में पिछले कुछ दिनों से कैंप कर रही सीबीआई की टीम प्रारंभिक जांच और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को दिल्ली लौटेगी.
शुरुआती पुलिस जांच और केस डायरी से जुड़े सवाल
पूछताछ के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने तत्कालीन थानेदार से मामले में की गयी शुरुआती पुलिस कार्रवाई, घटनास्थल से बरामद साक्ष्यों और केस डायरी से जुड़े कई सवाल पूछे. पुलिस की प्रारंभिक जांच के दौरान अपनायी गयी प्रक्रिया और जुटाये गये साक्ष्यों के विभिन्न पहलुओं पर भी उनका बयान दर्ज किया गया. मामले की आगे की जांच के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इससे पहले सीबीआई ने नामजद आरोपी ज्योत्स्ना केरकेट्टा और अजय तिकीं से भी कई घंटे तक पूछताछ की थी. दोनों के ठिकानों पर छापेमारी कर मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किये गये थे. फिलहाल जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है. फॉरेंसिक जांच के जरिये कॉल डिटेल्स, चैट और दूसरे डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जायेंगे. इससे मामले से जुड़े घटनाक्रम और संबंधित लोगों के संपर्कों की जानकारी जुटाने में मदद मिल सकती है.
ये भी पढ़ें: 1971 में इंदिरा गांधी ने क्यों बंद किया सरायकेला-खरसावां राजघरानों का 'प्रिवी पर्स', क्या थे कारण?
घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट कर हुई जांच
सीबीआई की टीम ने घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट कर तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की. जांच अधिकारियों ने घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियों को समझने का प्रयास किया. अब तक जुटाये गये साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आयी जानकारियों का विश्लेषण कर आगे की जांच की दिशा तय की जायेगी. गौरतलब है कि छह नवंबर को पिठोरिया स्थित आवास पर फेसबुक लाइव करने के बाद निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी. घटना के बाद परिजनों और आदिवासी संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर विरोध जताया था. इसके बाद राज्य सरकार की अनुशंसा पर मामले की जांच दिल्ली सीबीआई को सौंप दी गयी. सीबीआई अब पुलिस की शुरुआती जांच, आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी, सरकारी कर्मचारियों को मिलेंगी 41 सार्वजनिक छुट्टियां