समाचार · हरियाणा
नशे से युवक के पैरों में बने गंभीर घाव:रानियां अस्पताल में सुनाई अपनी पीड़ा, बोला- बिना लाठी के खड़ा नहीं हो सकता
सिरसा जिले में रानिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। रानिया क्षेत्र में बढ़ते नशे और इससे होने वाली मौतों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर यह पहल की। शिविर में सिरसा सिविल अस्पताल से डॉक्टरों की एक टीम, रानिया पुलिस प्रशासन और कई सामाजिक संस्थाओं ने सहयोग किया। इस शिविर में लगभग 30 नशा पीड़ित युवकों ने अपनी जांच करवाई और इलाज के लिए आगे आए। इनमें से कुछ युवकों ने अपनी आपबीती सुनाई, जो नशे के गंभीर परिणामों को दर्शाती है। युवक ने बताई अपनी पीड़ा- अच्छा-खासा काराेबार चौपट हुआ गोबिंदपुरा निवासी एक 30 वर्षीय युवक ने बताया कि वह पिछले 10 सालों से हेरोइन का नशा कर रहा है। उसने दोस्तों के साथ मिलकर इसका सेवन शुरू किया था, जिससे उसे यह लत लग गई। युवक ने बताया कि नशे के कारण उसका अच्छा-खासा व्यवसाय ठप हो गया है और अब वह प्रतिदिन 1000 से 2000 रुपए नशे पर खर्च करता है। इस लत ने उसके शरीर को भी कमजोर कर दिया है, जिससे उसका परिवार भी बेहद दुखी है। युवक बोला- बिना लाठी के खड़ा नहीं हो सकता जीवननगर के एक अन्य युवक ने बताया कि वह पिछले दस सालों से नशे के इंजेक्शन ले रहा है। इस कारण उसके दोनों पैरों टांगों में गहरे घाव हो गए हैं। उसकी स्थिति इतनी खराब है कि वह बिना लाठी के खड़ा भी नहीं हो सकता। युवक ने बताया कि उसके पैरों के घावों में कीड़े पड़ गए हैं, जो उसकी गंभीर हालत को दर्शाते हैं। रानिया थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने आम जनता और सामाजिक संस्थाओं से नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन नशे को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में हर गली, चौराहे और गांव में मुनादी करवाकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि वे इस दलदल में फंसने से बच सकें।