Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · Karnataka

बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे मारपीट मामले पर पुलिस का एक्शन, तीन आरोपी गिरफ्तार, देखें वायरल वीडियो

INT News7 July 2026 at 07:38 pm

Bengaluru Mysuru Expressway Road Rage: बेंगलुरु-मैसुरु एक्सप्रेसवे पर कार से जा रहे एक परिवार को रोककर मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे मांड्या जिले के मद्दुर के पास हुई थी. बीच सड़क हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ है. आरोप है कि कुछ लोगों ने एक कार को रोककर उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट की.

डैशकैम में कैद हुई पूरी घटना

पूरा घटनाक्रम पीड़ित परिवार के पीछे चल रही एक कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया था. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में काफी नाराजगी है. एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

कार टकराने के बाद बढ़ा विवाद

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मतुाबिक पुलिस ने घटना को लेकर बताया है कि भारी ट्रैफिक के दौरान पीड़ित की कार की दूसरी गाड़ी से टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. कार को बेंगलुरु के रहने वाले सागर चला रहे थे. उसमें अपनी पत्नी, बच्चे और एक बुजुर्ग महिला सवार थी.

वीडियो में क्या दिख रहा है?

सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो दिख रहा है कि कुछ लोग सागर की कार को बीच सड़क पर रोककर उन्हें बाहर खींचने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान वे उसके साथ मारपीट करते भी दिखाई दे रहे हैं. उनकी पत्नी बचाने की कोशिश करती हैं, जबकि दूसरी कार में सवार एक व्यक्ति बीच-बचाव करता नजर आता है. हमले में घायल सागर ने सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं. मामले की जांच जारी है.