समाचार · मध्य प्रदेश
छतरपुर के नैनागिरि जैन तीर्थ में फिर चोरी:खिड़की काटकर घुसे बदमाश, दानपात्र से 25 हजार रुपए ले गए
छतरपुर के प्रसिद्ध नैनागिरि जैन तीर्थ में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। 6-7 जुलाई की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने भगवान महावीर स्वामी सरोवर स्थित समवशरण जिनालय में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश खिड़की काटकर मंदिर के अंदर घुसे और दानपात्र (गुप्त भंडार) के ताले तोड़कर करीब 25 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही तीर्थ क्षेत्र के प्रबंधक, सहायक प्रबंधक, चौकीदार और अन्य कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर बड़ामलहरा एसडीओपी रोहित अलावा सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और तकनीकी माध्यमों की मदद से जांच शुरू कर दी है। पहले भी हो चुकी हैं कई चोरी की घटनाएं नैनागिरि जैन तीर्थ में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले वर्ष 2012, 2016, 2021, 2022, 2023 और हाल ही में 5 जुलाई को भी दानपात्रों से चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 11-12 नवंबर 2022 की रात हुई बड़ी चोरी में कई मंदिरों के ताले तोड़कर लाखों रुपए की नकदी के साथ चांदी के 21 छत्र और तीन बड़ी छतरियां चोरी कर ली गई थीं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से जैन समाज में नाराजगी है। समाज के लोगों का कहना है कि तीर्थ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होने के कारण बदमाश बार-बार वारदात कर रहे हैं। सूचना देने वाले को इनाम की घोषणा ट्रस्ट कमेटी के मंत्री राजेश जैन रागी (बकस्वाहा) ने श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों से आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़ी पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को ट्रस्ट की ओर से नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। बक्सवाहा थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि समवशरण मंदिर के गुप्तदान पात्र से करीब 25 हजार रुपए चोरी होने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।