Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

सरगुजा में कांस्टेबल व पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी की FIR:जमीन का सौदा करने के नाम पर लिया 30 लाख, 20 लाख नहीं लौटाये

INT News7 July 2026 at 07:50 pm

सरगुजा में आरक्षक और उसकी पत्नी के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। अंबिकापुर की पटपरिया निवासी महिला ने आरोप लगाया है कि आरक्षक व उसकी पत्नी ने जमीन खरीदने के नाम पर 30 लाख रुपए उधार लिया था। महिला के दबाव में 10 लाख रुपये वापस किया, लेकिन 20 लाख रुपये नहीं लौटाये। उनके द्वारा दिए गए चेक भी बाउंस हो गए। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटपरिया निवासी अनुपमा सिंह (45 वर्ष) ने आक्षक प्रवीण प्रताप सिंह व उसकी पत्नी अल्का प्रताप सिंह के खिलाफ 20 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया है कि वह अनुपमा मेक ओवर के नाम से ब्यूटी पार्लर का संचालन करती है। अल्का सिंह उसकी रिश्तेदार है। अनुपमा सिंह ने आरोप लगाया है कि 11 जुलाई से 30 जुलाई 2023 के बीच आरक्षक प्रवीण प्रताप सिंह और अल्का सिंह ने जमीन खरीदने के लिए तत्काल पैसों की जरूरत बताते हुए 30 लाख रुपए उधार लिए थे। दोनों ने आश्वस्त किया था कि पीडब्ल्यूडी में किए गए कार्य का 75 लाख रुपये बकाया है। पैसे मिलते ही वे रुपये वापस कर देंगे। पीड़िता ने बताया कि जब वह रुपए मांगने लगी तो दोनों उसे झांसा देते रहे कि रायपुर पीडब्ल्यूडी ऑफिस में रुपए निकालने में लगे हैं। काफी दबाव बनाने के बाद मार्च 2025 की स्थिति में उन्होंने उसे 10 लाख रुपए वापस लौटाए हैं। दिए गए चेक हुए बाउंस, दर्ज कराई FIR

अनुपमा सिंह ने बकाया 20 लाख रुपए वापस मांगे तो उन्होंने 5 जून 2025 और 13 जून 2025 को 10-10 लाख रुपए के दो चेक दिए। इसे बैंक में लगाने पर दोनों बाउंस हो गए। इस पर उसके द्वारा दोनों को नोटिस भेजा गया था। अनुपमा सिंह ने शिकायत में बताया कि नोटिस के जवाब में उन्होंने बताया कि वे मात्र 13 लाख ही देंगे, क्योंकि उनसे ब्याज का पैसा मांगा जा रहा है। आरक्षक एवं उसकी पत्नी ने थाने में कर्जा एक्ट की शिकायत भी दर्ज करा दी और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। अनुपमा सिंह ने दोनों पर अन्य लोगों से भी लाखों रुपए उधार लेकर गबन करने का आरोप लागया है। गांधीनगर पुलिस ने रिपोर्ट पर आरक्षक प्रवीण प्रताप सिंह व उसकी पत्नी अल्का प्रताप सिंह के खिलाफ धारा 420 व 34 आईपीसी के तहत अपराध दर्ज किया है। सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि शिकायत पर आरक्षक एवं उसकी पत्नी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।