समाचार · मध्य प्रदेश
उमरिया के जोहिला बांध के दो गेट खुले:निचले इलाकों में अलर्ट, जलस्तर बढ़ने पर प्रबंधन निगरानी में जुटा
उमरिया जिले में लगातार बारिश के कारण संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र स्थित जोहिला बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। मंगलवार को एहतियातन बांध के दो गेट लगभग एक-एक मीटर तक खोलकर पानी छोड़ा गया। यह कदम बांध की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जलस्तर को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण जलस्तर में वृद्धि दर्ज की जा रही थी। गेट खुलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग बांध का नजारा देखने पहुंच गए। इस दौरान कई लोग अपने मोबाइल फोन से वीडियो और तस्वीरें बनाते देखे गए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बांध परिसर में बैरिकेडिंग की गई है। इसके साथ ही पुलिस बल और बांध कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। अधिकारियों ने बताया कि यदि बारिश का दौर जारी रहता है और बांध के जलस्तर में और वृद्धि होती है, तो आवश्यकतानुसार अन्य गेटों को खोलने पर भी विचार किया जाएगा। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट हो गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने आम जनता से नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा बारिश के दौरान अनावश्यक जोखिम न लेने की अपील की है। स्थिति पर नजर रखी है ताप विद्युत केंद्र के अधिकारी मनोज त्रिपाठी ने पुष्टि की है कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दो गेट खोले गए हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।