समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौर के सियागंज की तीन दुकानों में चोरी:CCTV में कैद हुए बदमाश, व्यापारियों में आक्रोश
इंदौर के प्रमुख इलेक्ट्रिकल होलसेल बाजार सियागंज में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सियागंज थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नकदी और अन्य सामान चोरी कर फरार हुए आरोपियों की पूरी करतूत दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, बदमाश देर रात बाजार में पहुंचे और तीन दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुस गए। वहां से नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह दुकानदारों के दुकान पहुंचने पर लगी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। व्यापारियों का कहना है कि सियागंज शहर का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिकल होलसेल मार्केट है और थाना भी बाजार के नजदीक स्थित है। इसके बावजूद लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उनका आरोप है कि पिछले एक महीने में करीब पांच बार दुकानों को निशाना बनाया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी सियागंज थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। व्यापारियों ने चोरी से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।