समाचार · छत्तीसगढ़
पूजा-पाठ को लेकर विवाद, ईसाई परिवारों के घरों में तोड़फोड़:सुकमा के पोलमपल्ली गांव में तनाव के बाद पुलिस बल तैनात, दोनों पक्षों में समझौता
सुकमा जिले के पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के ग्राम पोलमपल्ली के पटेलपारा में पूजा-पाठ को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद तीन ईसाई परिवारों के घरों में तोड़फोड़ किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार, धान बुआई के अवसर पर पूजा-पाठ को लेकर गांव में विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और तीन ईसाई परिवारों के घरों को नुकसान पहुंचाने के आरोप सामने आए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। 6 साल पहले भी हुआ था समझौता ग्रामीणों के मुताबिक करीब 10 वर्ष पहले गांव के तीन परिवारों ने ईसाई धर्म अपना लिया था। इसके बाद गांव में विवाद की स्थिति बनी थी। करीब छह वर्ष पहले ग्रामीणों की बैठक में आपसी सहमति से समझौता हुआ था, जिसमें इन परिवारों के सार्वजनिक रूप से पूजा-पाठ करने को लेकर निर्णय लिया गया था। इसी मुद्दे को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया। प्रशासन ने दोनों पक्षों को बैठाकर कराया समझौता घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई। तहसीलदार योगेंद्र रात्रे ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाइश देने के बाद आपसी सहमति बन गई है और विवाद समाप्त हो गया है। फिलहाल गांव का माहौल शांतिपूर्ण है, जबकि मामले की जांच जारी है।