समाचार · हरियाणा
यमुनानगर में विवाहिता से शादी का वादा का रेप:अश्लील वीडियो बनाकर तीन साल किया ब्लैकमेल, सैलरी बढ़ाने का दिया लालच
यमुनानगर में एक विवाहिता ने आरओ की दुकान संचालक पर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर करीब तीन साल तक ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी शादी का झांसा देता रहा, बाद में वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना झेत्र के एक गांव की पीड़िता ने बताया कि 2023 में वह बेरोजगार थी और काम की तलाश कर रही थी। इसी दौरान उसे पता चला कि जगाधरी की विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार की आरओ की दुकान पर कर्मचारी की जरूरत है। वह वहां पहुंची तो आरोपी ने उसे 7 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी पर रख लिया। उसका काम ग्राहकों के घर जाकर आरओ की सर्विस करना था। दुष्कर्म करके सैलरी डबल करने का दिया लालच महिला के अनुसार, नौकरी शुरू होने के कुछ समय बाद ही आरोपी उस पर गलत नजर रखने लगा और मौका मिलते ही उसके शरीर को छूने की कोशिश करता था। दुकान दो मंजिला थी। एक दिन दोपहर के समय जब दुकान पर दोनों अकेले थे, आरोपी उसे ऊपर कमरे में ले गया। उसने नीचे से दुकान बंद कर दी और कमरे में जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने नौकरी से निकालने और जान से मरवा देने की धमकी दी। साथ ही कहा कि अगर वह किसी को कुछ नहीं बताएगी तो उसकी तनख्वाह 7 हजार से बढ़ाकर 14 हजार रुपये कर देगा। मजबूरी और डर के कारण वह चुप रही। पत्नी को तलाक देकर शादी करने का किया वादा महिला ने आरोप लगाया कि तीन-चार दिन बाद आरोपी ने फिर उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर उसने कहा कि उसने पहली घटना की वीडियो बना ली है। यदि उसने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार किया तो वीडियो वायरल कर देगा और उसे कहीं का नहीं छोड़ेगा। वीडियो वायरल होने के डर से वह लगातार उसकी ब्लैकमेलिंग का शिकार होती रही। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने बाद में अपनी पत्नी से विवाद होने की बात कहकर उससे शादी करने का वादा किया। उसने कहा कि वह पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करेगा और दोनों साथ रहेंगे। महिला उसकी बातों में आ गई। महिला ने बताया कि दिसंबर 2024 में उसने आरोपी से शादी करने के लिए कहा तो उसने साफ इनकार कर दिया। दूसरी जगह नौकरी की तो वहां भी पहुंचा आरोपी पीड़िता अनुसार इसके बाद उसने उसकी दुकान पर काम छोड़कर दूसरी जगह नौकरी शुरू कर दी। लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और ऑडियो-वीडियो रिश्तेदारों को भेजने तथा सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता रहा। महिला ने बताया कि वर्ष 2025 में उसने गांव में किराये पर सीएससी सेंटर खोल लिया। आरोप है कि दिसंबर 2025 में आरोपी वहां भी पहुंच गया और दुकान में ही वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। अप्रैल 2026 के में उसने फिर जगाधरी बस स्टैंड पर बुलाया और एक होटल में ले गया और वहां भी उसके साथ गलत काम किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आज भी जब वह यमुनानगर बाजार जाती है तो आरोपी उसका पीछा करता है और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालते हुए जान से मारने की धमकी देता है। शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने आरोपी प्रमोद कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।