समाचार · मध्य प्रदेश
3 लाख की कॉपर केबल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार:शाजापुर पुलिस ने सोलर प्लांट चोरी का किया खुलासा
मोहन बड़ोदिया पुलिस ने शाजापुर जिले के एक सोलर ऊर्जा प्लांट से चोरी हुई लगभग 3 लाख रुपए के कॉपर केबल बरामद की है। पुलिस ने मंगलवार शाम इस चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से करीब 900 मीटर स्ट्रिंग कॉपर केबल जब्त की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को एनटीपीसी सोलर ऊर्जा प्लांट के कर्मचारी गजेंद्र सिंह सौंधिया ने मोहन बड़ोदिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 21 मई की रात प्लांट की यूनिट-2 के ब्लॉक क्रमांक-3 से अज्ञात बदमाशों ने लगभग 900 मीटर स्ट्रिंग कॉपर केबल चोरी कर ली थी। इस शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इनको किया गिरफ्तार जांच के दौरान, पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली और तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा लिया गया। इसके आधार पर 6 जुलाई को तीन आरोपियों - फूलसिंह गुर्जर (36), ईश्वर गुर्जर (40) और बाबूलाल गुर्जर (50) को गिरफ्तार किया गया। ये सभी ग्राम कृपालपुर (कोल्या), थाना कानड़, जिला आगर-मालवा के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई पूरी कॉपर केबल बरामद कर ली गई।