Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

डिंडौरी के पड़रिया स्कूल में शिक्षकों की लेटलतीफी:ताला लगा होने से मैदान में खेलते रहे बच्चे; BRC ने दिए जांच के निर्देश

INT News7 July 2026 at 03:47 pm

डिंडौरी जिले के पड़रिया स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में स्कूल खुलने के निर्धारित समय के बाद भी शिक्षक मौके पर नहीं पहुंचे। इस दौरान बच्चे स्कूल के बाहर मैदान में ही खेलते रहे। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए शिक्षा विभाग ने जांच और कार्रवाई की बात कही है। बंद था मुख्य द्वार, 10:45 बजे खुला ताला पड़रिया माध्यमिक शाला में 48 और प्राथमिक शाला में 29 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। इन दोनों स्कूलों की जिम्मेदारी हेडमास्टर एस.आर. गवले, अर्जुन कुदवे, अनीता गवले और रश्मि धुर्वे पर है। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लटका हुआ था और बच्चे बिना किसी निगरानी के मैदान में घूम रहे थे। इसके बाद सुबह करीब 10:45 बजे शिक्षक अर्जुन कुदवे स्कूल पहुंचे, उन्होंने ताला खोला और बच्चों की प्रार्थना शुरू करवाई। जिला मुख्यालय से आने की बात कही देरी से आने के सवाल पर शिक्षक अर्जुन कुदवे ने माना कि उन्हें आने में विलंब हुआ है। कुछ समय बाद हेडमास्टर एस.आर. गवले और शिक्षिका अनीता गवले भी स्कूल पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे जिला मुख्यालय डिंडौरी से अप-डाउन करते हैं। बारिश का मौसम होने के कारण रास्ते में काफी दिक्कतें आती हैं, जिसकी वजह से कभी-कभी स्कूल पहुंचने में देरी हो जाती है। बीआरसी ने दिए जांच के निर्देश, देंगे नोटिस समय पर स्कूल न खुलने और शिक्षकों की इस लापरवाही पर बीआरसी अरुण चौबे ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही जनशिक्षक को तुरंत जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आते ही संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। इ सके साथ ही पूरा प्रतिवेदन तैयार कर डीपीसी कार्यालय और जनजातीय कार्य विभाग को भेजा जा रहा है ताकि लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार ठोस अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सके।

डिंडौरी के पड़रिया स्कूल में शिक्षकों की लेटलतीफी:ताला लगा होने से मैदान में खेलते रहे बच्चे; BRC ने दिए जांच के निर्देश · Indian News Trust