समाचार · मध्य प्रदेश
गोताखोर की हत्या के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार:लोहे की रॉड से हमला किया था; 24 घंटे में पुलिस ने पकड़ा
मंडला के महाराजपुर थाना क्षेत्र के संगम घाट में 58 वर्षीय राजकुमार उर्फ रज्जू नंदा की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 24 घंटे के अंदर मामले का खुलासा किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बूढ़ी माई वार्ड निवासी नंदा नंदा (35) और राजेश बैरागी (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई है। झोपड़ी में खून से लथपथ मिले थे रज्जू 19 सितंबर की सुबह रज्जू नंदा अपनी झोपड़ी में खून से लथपथ मिले थे। परिवार के लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, उनके सिर और कनपटी पर गंभीर चोट के निशान थे। इसके बाद हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। दीपदान के दौरान हुआ था विवाद पुलिस जांच के मुताबिक, 17 सितंबर की रात दीपदान के दौरान रज्जू नंदा का दोनों आरोपियों से विवाद हुआ था। इसके बाद 18 सितंबर की रात दोनों आरोपी नए बन रहे पुल के नीचे पड़ी लोहे की रॉड लेकर संगम घाट पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने झोपड़ी में सो रहे रज्जू नंदा पर रॉड से कई वार किए। सिर, मुंह और कान पर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। वारदात में इस्तेमाल रॉड और कपड़े जब्त पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। रज्जू नंदा गोताखोर और नाव संघ के अध्यक्ष थे। उन्होंने नर्मदा में डूबने वाले कई लोगों को बचाया था। इसके लिए उन्हें प्रशासन की ओर से कई बार सम्मानित किया गया था। कार्रवाई एसपी शिव कुमार वर्मा के निर्देश और थाना प्रभारी डॉ. जयसिंह यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उप निरीक्षक रूपराम झारिया समेत थाना और एसएएफ के जवान शामिल रहे।