समाचार · झारखंड
Watch Video: गढ़वा में घर के सामने से चोरी हुई पल्सर सोनभद्र से बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

गढ़वा. घर के सामने खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर उत्तर प्रदेश में छिपा दी गयी थी. खरौंधी पुलिस ने मामले का उद्भेदन करते हुए चोरी गयी मोटरसाइकिल उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से बरामद कर ली है. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी मोबीन अंसारी खरौंधी थाना क्षेत्र के सिसरी टोला बनखेता गांव निवासी अलमुद्दीन अंसारी का पुत्र है.
28 अक्तूबर को घर के सामने से चोरी हुई थी बाइक
जानकारी के अनुसार, 28 अक्तूबर 2026 को खरौंधी थाना क्षेत्र के चंदनी गांव में एक घर के सामने खड़ी सफेद रंग की पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर ली गयी थी. इस संबंध में आवेदन के आधार पर खरौंधी थाना में कांड संख्या 70/2026 दर्ज किया गया था.
आरोपी की निशानदेही पर सोनभद्र से मिली बाइक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक भवनाथपुर अंचल के मार्गदर्शन में अनुसंधान शुरू किया गया. थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गयी. अनुसंधान के दौरान मोबीन अंसारी से पूछताछ की गयी. इसमें उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के जुगैल थाना क्षेत्र से चोरी गयी पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली. आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.