Sunday, 8 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Watch Video: गढ़वा के कल्याणपुर ओवरब्रिज के पास खड़े कंटेनर से मिला 426 किलो गांजा

INT News8 November 2026 at 09:21 pm

गढ़वा. मादक पदार्थों की तस्करी के लिए कंटेनर में बनाया गया गुप्त तहखाना भी पुलिस की नजरों से नहीं बच सका. गढ़वा पुलिस ने कल्याणपुर ओवरब्रिज के समीप सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से 426 किलो गांजा बरामद किया है. तस्करों ने चालक केबिन के ठीक पीछे विशेष बॉक्स बनाकर गांजा छिपा रखा था. पुलिस ने कटर मशीन से बॉक्स को काटकर गांजे के 426 पैकेट बरामद किये. हालांकि, कार्रवाई के दौरान कंटेनर का चालक फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

एसपी को मिली थी गांजा छिपाकर रखे जाने की सूचना

गढ़वा पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर को सूचना मिली थी कि गढ़वा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर ओवरब्रिज के समीप खड़े कंटेनर (यूपी21बीएन7171) में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है. इसके बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ दिल्लू लोहरा के नेतृत्व में थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी सहित पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की विशेष टीम गठित की गयी. टीम मौके पर पहुंची, तो कंटेनर सड़क किनारे खड़ा मिला, लेकिन चालक गायब था.

कटर मशीन से काटकर खोला गया गुप्त बॉक्स

कंटेनर की तलाशी के दौरान चालक केबिन के पीछे बॉक्सनुमा गुप्त ढांचा मिला. पुलिस को आशंका हुई कि इसका इस्तेमाल गांजा छिपाकर तस्करी करने के लिए किया जा रहा है. कंटेनर को जब्त कर थाना लाया गया. वहां कटर मशीन से गुप्त बॉक्स को काटकर खोला गया. इसके अंदर प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर रखे गये गांजे के 426 पैकेट मिले. प्रत्येक पैकेट का वजन करीब एक किलो बताया गया है.

तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस अब गांजे के स्रोत, उसकी आपूर्ति और तस्करी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है. कंटेनर के मालिक, चालक और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस को आशंका है कि इस कार्रवाई से तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है. मामले में अग्रतर अनुसंधान जारी है. गढ़वा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रखने और इसमें संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई करने की बात कही है.