समाचार · मध्य प्रदेश
दीपावली पर गज लक्ष्मी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी:मंदिर करीब 400 साल पुराना; शाजापुर में दर्शन के लिए देर रात तक लगी कतारें
शाजापुर के प्राचीन गज लक्ष्मी मंदिर में दीपावली पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मंदिर में दर्शन और पूजा के लिए कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में दीप जलाए गए और भक्तों ने जयकारे लगाए। करीब 400 साल पुराना बताया जाता है मंदिर तालाब की पाल पर स्थित यह मंदिर अपनी प्राचीनता और धार्मिक मान्यताओं के लिए जाना जाता है। स्थानीय ऐतिहासिक जानकारियों और प्रकाशित विवरणों के अनुसार, मंदिर करीब 400 साल पुराना बताया जाता है। सफेद संगमरमर की प्रतिमा के होते हैं दर्शन मंदिर में मां महालक्ष्मी की करीब चार फीट ऊंची सफेद संगमरमर की प्रतिमा स्थापित है। यहां माता लक्ष्मी के चार स्वरूपों की धार्मिक मान्यता भी है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, गजलक्ष्मी स्वरूप में माता लक्ष्मी को धन, वैभव, ऐश्वर्य और समृद्धि की देवी माना जाता है। दीपावली पर श्रद्धालु माता के सामने दीप जलाकर परिवार की खुशहाली और व्यापार में उन्नति की प्रार्थना करते हैं।