समाचार · बिहार
दीवाली की खुशियां मातम में बदलीं! दिल्ली हादसे में खगड़िया के 5 मजदूरों की मौत, 4 दिन बाद निकले शव

बेलदौर (खगड़िया). दिल्ली के दरियागंज स्थित अजमेरी गेट-चावड़ी बाजार इलाके में निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत की छत ढलाई के दौरान गुरुवार को हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले सभी सात मजदूरों के शव चौथे दिन बरामद कर लिये गये. हादसे में बोबिल पंचायत के पांच मजदूरों की मौत हुई है. लगातार चार दिनों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी शवों को मलबे से निकाला गया. रविवार देर शाम दो मजदूरों के शव उनके पैतृक गांव पहुंचे, जबकि सोमवार तक तीन अन्य मजदूरों के शव गांव पहुंचने की संभावना है. शव देखते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. दीपावली की खुशियां मातम में बदल गई हैं.
बोबिल पंचायत के पांच मजदूरों की हादसे में मौत
मृतकों में बोबिल पंचायत के हनुमाननगर वार्ड संख्या चार निवासी संजीत राम (35) तथा बेसी बासा वार्ड संख्या दो निवासी पंकज शर्मा (43), संटुन मुखिया (22), बिपिन राम (40) और दिनेश साह (50) शामिल हैं. रविवार देर शाम संजीत राम और पंकज शर्मा का शव उनके पैतृक गांव पहुंचा. वहीं, शेष तीन मजदूरों के शव सोमवार तक गांव पहुंचने की संभावना है. इसके अलावा सहरसा जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौथम बासा निवासी किशोरी साह का शव भी गांव पहुंच चुका है. हादसे में जान गंवाने वाले सातवें मजदूर के दरभंगा जिले का निवासी होने की जानकारी मिली है.
शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, परिजनों की चित्कार से माहौल गमगीन
रविवार को शव गांव पहुंचते ही हनुमाननगर और बेसी बासा में कोहराम मच गया. परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. मृतकों के घरों पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी. किसी की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे, तो कोई अपनों के असमय चले जाने की घटना पर यकीन नहीं कर पा रहा था.
दीपावली की तैयारी में जुटे परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं. गांव में हर तरफ मातम पसरा हुआ है.
शोकाकुल परिवारों से मिले प्रशासनिक अधिकारी
मजदूरों के शव गांव पहुंचने की सूचना पर रविवार को प्रखंड श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी मनोहर कुमार चौधरी, बीडीओ प्रेम कुमार यादव, राजस्व अधिकारी सत्यनारायण झा और बेलदौर थाना के पीटीसी कृष्णकांत राम हनुमाननगर एवं बेसी बासा पहुंचे. अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. साथ ही सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि और अन्य सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया. इस दौरान जिला परिषद प्रतिनिधि गोपाल यादव, मुखिया प्रतिनिधि संजय सिंह, जदयू नेता सह समाजसेवी ऋषभ कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.