Sunday, 8 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

अंबाला के चार मंजिला होटल में लगी आग:AC की शीट में फैलने से भड़की, फायर की 4 गाड़ियां बुझाने में जुटी

INT News8 November 2026 at 09:17 pm

अंबाला छावनी के लाल कुर्ती इलाके में दिवाली की रात होटल सनराइज में भीषण आग लग गई। रात करीब 8:25 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। होटल की ऊपरी मंजिलों के कमरे और छत आग की चपेट में आ गए। होटल चार मंजिला बना हुआ है। आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला। घटना की सूचना मिलने पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। होटल मालिक के मुताबिक, शुरुआती तौर पर छत पर पटाखे का रॉकेट गिरने से आग लगने की आशंका है। जब वह मौके पर पहुंचे तो छत पर पटाखा गिरा हुआ था और वहां आग लगी हुई थी। इसके बाद होटल में एसी से जुड़ी शीट ने आग पकड़ ली और लपटें तेजी से फैल गईं। देखते ही देखते आग ने ऊपरी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तस्वीरों में देखिए आग का मंजर…. होटल मालिक की मां नीचे रहती थीं जानकारी के मुताबिक, होटल मालिक की माता होटल के निचले हिस्से में रहती थीं। आग लगने के बाद पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से होटल के कमरों की तलाशी ली। चौकी इंचार्ज रविंदर के अनुसार, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। होटल मालिक ने बताया कि दिवाली होने के कारण होटल में कोई गेस्ट नहीं ठहरा हुआ था। इससे बड़ा हादसा टल गया। घटनास्थल पर पुलिस बल और बिजली निगम के कर्मचारी भी मौजूद रहे। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई गई, ताकि आग बुझाने के दौरान कोई दूसरा हादसा न हो। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे। आग पूरी तरह बुझने के बाद होटल में हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।