Sunday, 8 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

रोशन अयोध्या के अंधेरे पहलू का वायरल वीडियो: दीयों में बचा तेल बटोर रहे थे लोग, प्रशासन ने डंडे मारकर भगाया

INT News8 November 2026 at 09:13 pm

Ayodhya Deepotsav Viral Video: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दीपोत्सव की भव्यता के बीच एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने नई बहस छेड़ दी है. वीडियो में सरयू घाट पर दीपोत्सव के बाद जल चुके मिट्टी के दीयों से बचा हुआ तेल इकट्ठा करते बच्चे, महिलाएं और गरीब लोग नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के मुताबिक, तेल बीन रहे इन लोगों को वहां से डंडे के सहारे खदेड़ा गया.

भव्य दीपोत्सव के बाद सामने आई दूसरी तस्वीर

अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान लाखों दीये जलाए गए. आयोजन में भव्य सजावट और ड्रोन शो ने लोगों का ध्यान खींचा. हालांकि, उत्सव समाप्त होने के बाद सरयू घाट से सामने आई तस्वीर ने इस भव्यता के बीच गरीबी और असमानता के सवाल खड़े कर दिए हैं. वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि जिन दीयों से शहर रोशन हुआ, उन्हीं दीयों में बचा तेल कुछ गरीब परिवारों के लिए उपयोगी हो सकता था.

सोशल मीडिया पर सरकार पर कटाक्ष, बोले- तेल निकालने का हक सिर्फ सरकार को

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने व्यंग्यात्मक अंदाज में सरकार पर निशाना साधा. एक पोस्ट में लिखा गया कि गरीब लोग दिवाली के दीयों से तेल निकालते हैं, जिससे विपक्ष और देश विरोधी तत्वों को गरीबी दिखाने का मौका मिल जाता है. इसलिए यह मौका किसी को नहीं देना चाहिए. पोस्ट में तंज कसते हुए कहा गया कि तेल निकालने का अधिकार सिर्फ सरकारों के पास है, गरीबों के पास नहीं.

किसी ने बताया गरीबों के चूल्हे की उम्मीद, तो किसी ने उठाए सवाल

कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने गरीबों के पक्ष में आवाज उठाई. एक पोस्ट में लिखा गया कि लाखों दीये जलने के बाद बचा तेल किसी गरीब के घर का चूल्हा जला सकता है और किसी खाली पेट को थोड़ी राहत दे सकता है. ऐसे में तेल इकट्ठा करने वालों को खदेड़ना सही नहीं है. वहीं, दूसरी पोस्ट में सवाल उठाया गया कि दीपोत्सव की भव्यता के बीच तेल बीनते बच्चों और महिलाओं के साथ डंडे से ऐसा व्यवहार क्यों किया गया.

कांग्रेस ने योगी सरकार पर साधा निशाना

इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर योगी सरकार पर हमला बोला है. पार्टी ने लिखा कि एक तरफ दीपोत्सव के नाम पर लाखों दीयों की आतिशबाजी और करोड़ों रुपये के विज्ञापन किए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्हीं दीयों से बचा तेल बीनने वाले गरीबों पर डंडे बरसाए जाते हैं. कांग्रेस ने इसे सरकार की झूठी शान का उदाहरण बताते हुए आयोजन की भव्यता और गरीबों के साथ कथित व्यवहार पर सवाल उठाए हैं.

दीपोत्सव की चमक के बीच गरीबी पर छिड़ी बहस

अयोध्या के इस वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर दीपोत्सव की भव्यता और जमीनी हकीकत को लेकर बहस शुरू कर दी है. कुछ लोग इसे गरीबों के साथ अमानवीय व्यवहार बता रहे हैं, तो कुछ व्यंग्य के जरिए सरकार पर तंज कस रहे हैं. फिलहाल सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

Must Read- UP Success Story: लखनऊ में पिज्जा कल्चर को दे रही हैं नई पहचान, 'नान' के तानों से लेकर 2.3 लाख के मुनाफे तक, पढ़ें अक्षिता की कहानी