Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

झाबुआ: रायपुरिया बायपास पुलिया अधूरा निर्माण बना मुसीबत:बारिश में डायवर्शन मार्ग को पानी निकासी के लिए खोदा, आवागमन में बाधा

INT News7 July 2026 at 06:58 pm

झाबुआ जिले के पेटलावद तहसील अंतर्गत ग्राम रायपुरिया में 3 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से बन रहा बायपास मार्ग अधूरा पड़ा है। छह महीने बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है, जिससे क्षेत्रवासियों को परेशानी हो रही है। स्थानीय कृषकों ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि यह कार्य छह माह पूर्व शुरू हुआ था। विशेष रूप से एक बड़े पुलिया का निर्माण पिछले छह माह से लंबित है। पुलिया निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढों के कारण किसानों का अपने खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। हाल ही में हुई बारिश के कारण यहां बनाया गया अस्थायी डायवर्शन मार्ग भी नाले का जलस्तर बढ़ने से क्षतिग्रस्त हो गया। इससे संपर्क पूरी तरह कट गया है। किसान अपनी उपज और कृषि उपकरण खेतों तक नहीं ले पा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुजरात-उज्जैन आने-जाने वाले यात्रियों को भी आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं। मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीण, किसान और पूर्व जनपद सदस्य व भाजपा नेता नानालाल पाटीदार लगातार प्रशासन से शिकायत कर रहे हैं। कई बार जनसुनवाई में शिकायत करने और एसडीएम, तहसीलदार व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीरता न दिखाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया के समीप रहने वाले कृषक रामचन्द्र पिता नाथूलाल पाटीदार द्वारा निर्माण कार्य में लगातार आपत्ति और अवरोध उत्पन्न किया जा रहा है। इसी कारण ठेकेदार काम पूरा नहीं कर पा रहा है। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग की टीम से तत्काल मौके पर जांच करवाकर इस अवरोध को हटाने और निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है। बायपास मार्ग अधूरा होने के कारण सारा ट्रैफिक ग्राम रायपुरिया के मुख्य मार्ग से होकर गुजर रहा है, जिससे गांव में भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रशासन से मांग की गई है कि विवाद की स्थिति को समाप्त कर मार्ग को पुनः बहाल किया जाए।