Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शक्कर के बढ़ते दाम पर कांग्रेस का प्रदर्शन:बैतूल में व्यापारियों और राहगीरों को बांटी शक्कर, जिला अध्यक्ष बोले- विदेश से आयात की स्थिति बनी

INT News27 August 2026 at 07:41 pm

बैतूल में शक्कर के बढ़ते दामों के विरोध में जिला कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक से बाजार तक रैली निकाली। इस दौरान राहगीरों को शक्कर बांटकर महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘खा गए शक्कर, पी गए तेल’ जैसे नारे लगाए। कांग्रेस ने इसे महंगाई के मुद्दे पर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध बताया। पहले यही नारा कांग्रेस सरकार के खिलाफ भी लगाया जाता रहा है। जिला अध्यक्ष बोले- भारत शक्कर का निर्यात करता था अब स्थिति बिगड़ी

जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत पहले शक्कर का निर्यात करता था, लेकिन अब गलत नीतियों के कारण आयात की स्थिति बन रही है। डागा ने कहा कि पहले गन्ने से शक्कर बनाई जाती थी और इसके बाद मोलासिस से इथेनॉल बनाया जाता था। अब सरकार गन्ने से सीधे इथेनॉल बनाने की अनुमति दे रही है। इससे शक्कर का उत्पादन घट रहा है और कीमतें बढ़ रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शक्कर की कीमत बढ़ने का सीधा असर आम लोगों के रसोई बजट पर पड़ रहा है। प्रदर्शन में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। गांधी चौक से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी।