Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कॉलेजों की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ ABVP का प्रदर्शन:विदिशा में कलेक्ट्रेट का घेराव किया, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

INT News27 August 2026 at 08:43 pm

शासकीय कॉलेजों में मूलभूत सुविधाओं की कमी के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदेशव्यापी ‘हुंकार विद्यार्थी अभियान’ के तहत हुए प्रदर्शन के बाद संगठन के पदाधिकारियों और विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के नाम प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इसमें कॉलेजों की व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने की मांग की गई। ABVP पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जिले के कई शासकीय महाविद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त शौचालय, फर्नीचर, बिजली, बेहतर कक्षाएं, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, खेल मैदान, इंटरनेट, पार्किंग और सुरक्षा जैसी जरूरी सुविधाएं नहीं हैं। उन्होंने बताया कि कुछ कॉलेजों के भवन जर्जर हैं, जबकि कुछ महाविद्यालय केवल दो कमरों में संचालित हो रहे हैं। कॉलेजों में बाउंड्रीवॉल नहीं, असामाजिक तत्व आते हैं

संगठन ने कहा कि कई कॉलेजों में बाउंड्रीवॉल नहीं होने से असामाजिक तत्वों के परिसर में प्रवेश का खतरा बना रहता है। सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरों की कमी से भी विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। छात्राओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण रही। इसके बाद ABVP पदाधिकारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इसमें सभी शासकीय महाविद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं का तत्काल सर्वे कराने और समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने की मांग की गई। बजट की जरूरत वाले कामों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव की मांग ABVP ने छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग भी की। पदाधिकारियों ने कहा कि इससे विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित होगी। संगठन ने कहा कि वह प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। ABVP पदाधिकारियों ने कहा कि ज्ञापन शासकीय महाविद्यालयों में पढ़ रहे हजारों विद्यार्थियों की समस्याओं और बेहतर भविष्य की मांग को लेकर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक और रचनात्मक आंदोलन के जरिए अपनी आवाज और तेज करेगा।