समाचार · मध्य प्रदेश
सड़क पर बैठकर चाय बनाई, राहगीर को पिलाई:सीहोर में रास्ते से निकलने वालों को शक्कर भी बांटी; महंगाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी
सीहोर में शहर कांग्रेस कमेटी ने बढ़ती महंगाई के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती की उपस्थिति और शहर कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान आम आदमी की रोजमर्रा की जरूरतों पर लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान, कार्यकर्ताओं ने गन्ने से बने एथेनॉल युक्त पेट्रोल के मुद्दे को प्रतीकात्मक रूप से उठाते हुए चाय बनाई। इसके साथ ही, बढ़ती महंगाई के कारण रसोई से शक्कर गायब होने की स्थिति को दर्शाने के लिए आम जनता को चम्मच से शक्कर वितरित की गई। कार्यकर्ताओं ने लोकधुनों और व्यंग्यात्मक नारों के माध्यम से भी अपना विरोध दर्ज कराया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि देश की जनता महंगाई से त्रस्त है। उन्होंने बताया कि खाद्य सामग्री से लेकर आवश्यक वस्तुओं तक के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार आम लोगों को राहत देने में विफल रही है। गुजराती ने आगे कहा कि जनता की कमाई सीमित है, जबकि खर्च लगातार बढ़ रहा है। रसोई का बजट बिगड़ चुका है और आम परिवार महंगाई की मार झेलने को मजबूर हैं। उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों और हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करने और आम जनता को राहत प्रदान करने की मांग की। इस अवसर पर कांग्रेस ने महंगाई कम कराने के लिए बाबा रामदेव और स्मृति ईरानी का भी आह्वान किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव ने कहा कि जनता की कमाई कम है और महंगाई बेहिसाब है, जनता अब और महंगाई का संताप नहीं सहेगी।