समाचार · छत्तीसगढ़
सरगुजा में चोरी के शक पर महिला की पिटाई, मौत:20 हजार रुपये चोरी का आरोप लगा की मारपीट, लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
सरगुजा के सीतापुर में चोरी के संदेह पर युवक ने महिला की बेदम पिटाई कर ली। घायल महिला की इलाज के अभाव में मौत हो गई। युवक ने मामले को दबाने के लिए उसके अंतिम संस्कार की तैयारी करा ली थी। मोहल्लेवालों की सूचना पर मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने महिला के पति की रिपोर्ट पर मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सीतापुर के खाल बगीचा स्थित अटल आवास निवासी संजय चौहान (38 वर्ष) ने गुरूवार सुबह 10.30 बजे चोरी के संदेह में पड़ोस में रहने वाली महिला मानकी उर्फ संतोषी यादव (37 वर्ष) पर 20 हजार रुपये चोरी का आरोप लगाया और उसकी बेदम पिटाई कर दी। महिला का एक पैर टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पिटाई के बाद गंभीर रूप से घायल महिला घंटों बेहोश पड़ी रही। महिला की मौत, अंतिम संस्कार की थी तैयारी घटना के दौरान महिला का पति संतोष यादव होटल में काम करने गया था। उसे संजय चौहान ने स्वयं जाकर बताया कि उसकी पत्नी बेहोश पड़ी है। संतोष यादव मौके पर पहुंचा तब तक उसकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। आसपास के लोगों ने बताया कि संजय चौहान ने महिला पर 20 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगा उसकी डंडों से बेदम पिटाई की है। मारपीट में उसके पैर की हड्डी टूट गई है एवं उसे अंदरूनी चोटें आईं। अंदरूनी चोटों की वजह से महिला की मौत हो गई। संजय चौहान ने अपने साथियों के साथ महिला के अंतिम संस्कार के लिए अटल आवास के पास ही गड्ढा भी खोद लिया था। मोहल्ले वालों की सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी गिरफ्तार, आरोपी आदतन बदमाश संतोष यादव ने संजय चौहान के खिलाफ पत्नी की मारपीट कर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी संजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी आदतन बदमाश बताया गया है। संजय चौहान ने करीब एक माह पूर्व छेड़छाड़ का विरोध करने पर मोहल्ले की ही एक विधवा महिला की बेदम पिटाई की थी। महिला ने थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। आरोपी थाने के सामने चाय का ठेला लगाता था और थाने में पुलिसकर्मियों को चाय पिलाता था। पुलिस ने आरोपी को बुलाकर उसे समझाइश देकर वापस भेज दिया। इससे आरोपी का हौसला बढ़ गया। मोहल्लवासियों ने आरोप लगाया है कि पहले शिकायत पर कार्रवाई की जाती तो यह घटना नहीं होती।