समाचार · हरियाणा
फतेहाबाद में 11 KV तार गिरी, दो पशुओं की मौत:निगम ने नहीं काटी सप्लाई; पशुपालक को 2 लाख का नुकसान
फतेहाबाद के भट्टू रोड स्थित लक्ष्मी नगर में 11 हजार वोल्ट (11 KV) की हाई-वोल्टेज बिजली की तार गिरने से दो दुधारू पशुओं की मौत हो गई। इस हादसे में एक गर्भवती भैंस और एक झोटा करंट की चपेट में आ गए। पीड़ित पशुपालक संदीप कुमार को इस घटना से लगभग 2 लाख रुपए से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित संदीप कुमार के भाई नरसी ने बताया कि 11 हजार केवी की यह तार सुबह से ही टूटकर नीचे गिरी हुई थी। पड़ोसियों ने इसकी शिकायत बिजली विभाग को की थी, लेकिन विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही लाइन की बिजली काटी गई। शाम लगभग 6:30 बजे जब संदीप अपने पशुओं को पानी पिलाने के लिए खोल रहे थे, तभी मवेशी अचानक हाथ से छूटकर गिरी हुई तार की चपेट में आ गए। चप्पल पहने होने से बचा बुजुर्ग नरसी के अनुसार, 11 हजार वोल्ट का करंट इतना तीव्र था कि गर्भवती भैंस और हाल ही में 1.25 लाख रुपए में खरीदा गया झोटा मौके पर ही झुलस गए और उनकी मौत हो गई। हादसे के समय संदीप के बुजुर्ग पिता पशुओं को बचाने के लिए आगे बढ़े थे, लेकिन रबड़ की चप्पल पहने होने के कारण वे बाल-बाल बच गए। XEN ने नहीं उठाया फोन नरसी ने आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद बिजली विभाग के XEN को बार-बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। बाद में संपर्क होने पर शाम करीब 7:15 बजे जूनियर इंजीनियर (JE) मौके पर पहुंचे, जिसके बाद बिजली की सप्लाई बंद की गई। पीड़ित संदीप कुमार अपने परिवार का भरण-पोषण डेयरी और पशुपालन के काम से करते हैं। इस हादसे से उनके परिवार को भारी क्षति हुई है।