समाचार · बिहार
पीएम सूर्य घर योजना: 10 लाख जीविका दीदियों के घर लगेंगे सोलर पैनल, 31 मार्च तक पूरा होगा काम

पीएम सूर्य घर योजना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रक्षाबंधन के मौके पर बिहार की जीविका दीदियों के लिए बड़ा ऐलान किया है. राज्य की करीब 10 लाख जीविका दीदियों के घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की योजना बनाई गई है. इसके तहत घरों की छत पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने इसे बिहार की बहनों के लिए रक्षाबंधन का उपहार बताया है.
31 मार्च तक घरों पर लगाया जाएगा रूफटॉप सोलर
मुख्यमंत्री के मुताबिक 10 लाख जीविका दीदियों के घरों पर 31 मार्च तक रूफटॉप सोलर लगाने का लक्ष्य रखा गया है. यह काम पीएम सूर्य घर योजना के तहत किया जाएगा. सीएम ने कहा कि सोलर पैनल लगने से परिवारों के बिजली खर्च में बचत होगी और इससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर करने में भी मदद मिलेगी.
महिलाओं के लिए बिहार में खुलेगी अलग यूनिवर्सिटी
रक्षाबंधन के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में महिला विश्वविद्यालय खोलने की भी घोषणा की. इस विश्वविद्यालय में केवल छात्राओं को दाखिला दिया जाएगा. खास बात यह होगी कि यहां शिक्षक, कर्मचारी और कुलपति के पद पर भी महिलाएं ही रहेंगी.
5 लाख महिलाओं के खाते में पहुंचे 600 करोड़ रुपये
पटना के बापू सभागार में मुख्यमंत्री ने ‘समृद्ध महिला, समृद्ध बिहार अभियान’ की शुरुआत की. इसी कार्यक्रम के दौरान 5 लाख जीविका दीदियों के बैंक खातों में महिला रोजगार योजना के तहत 600 करोड़ रुपये भेजे गए. लाभार्थियों को पहली 10 हजार रुपये और दूसरी 20 हजार रुपये की किस्त दी गई.
1 करोड़ महिलाओं को रोजगार देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बिहार की 1 करोड़ महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य भी बताया. साथ ही 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की बात कही गई. इसके लिए पशुपालन, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र को रोजगार का जरिया बनाया जाएगा. सरकार का लक्ष्य महिलाओं की कमाई और आर्थिक भागीदारी बढ़ाना है.
10 हजार लाभुकों को लोन, 112 ग्रामीण हाट का काम शुरू
कार्यक्रम में जीविका निधि के जरिए 10 हजार लाभुकों को लोन देने की प्रक्रिया और 112 ग्रामीण हाट के निर्माण कार्य की शुरुआत भी की गई. इन योजनाओं के जरिए महिलाओं को काम और कमाई के नए मौके देने पर जोर दिया जा रहा है.
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का जोर
सम्राट चौधरी ने कहा कि महिलाओं को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना बिहार के विकास के लिए जरूरी है. सरकार का फोकस महिलाओं को रोजगार, कमाई और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की महिलाओं की तरक्की ही समृद्ध बिहार की मजबूत नींव है और इसी सोच के साथ इन योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है.