Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

करैरा आईटीबीपी परिसर में तेंदुआ पिंजरे में कैद:शिवपुरी जिले में बकरी के बच्चे को चारा बनाकर वन विभाग ने पकड़ा

INT News27 August 2026 at 08:57 pm

शिवपुरी जिले के करैरा स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) परिसर में पिछले कई दिनों से दहशत का कारण बने एक तेंदुए को वन विभाग ने गुरुवार को रेस्क्यू कर लिया। तेंदुए को पकड़ने के लिए परिसर में पिंजरा लगाया गया था, जिसमें बकरी के बच्चे को चारे के रूप में इस्तेमाल किया गया था। जानकारी के अनुसार, करैरा आईटीबीपी परिसर और आसपास के क्षेत्र में पिछले 8 से 10 दिनों से तेंदुए की लगातार चहलकदमी देखी जा रही थी। तेंदुआ परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कई बार कैद हुआ था, जिससे आईटीबीपी जवानों के परिवारों और स्थानीय ग्रामीणों में डर का माहौल था। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए आईटीबीपी परिसर में एक पिंजरा लगाया था। बीती रात तेंदुआ बकरी के बच्चे का शिकार करने के प्रयास में पिंजरे में फंस गया। सूचना मिलते ही करैरा रेंजर लक्ष्मण सिंह मीणा के नेतृत्व में वन विभाग का अमला और माधव नेशनल पार्क की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पिंजरे से बाहर निकाला। अधिकारियों के मुताबिक, तेंदुआ स्वस्थ है और उसके शरीर पर कोई चोट नहीं है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उसे माधव टाइगर रिजर्व क्षेत्र के जंगल में सुरक्षित छोड़ा जाएगा। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद आईटीबीपी परिसर में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। पिछले कई दिनों से तेंदुए की दहशत के कारण लोग शाम को घरों से बाहर निकलने और बच्चों को अकेले भेजने से बच रहे थे।