समाचार · मध्य प्रदेश
विजयवर्गीय बोले- श्रेष्ठा जी, आपने मुझे बहुत गालियां पड़वाईं:‘श्रेष्ठा को कैलाश ने बनवाया’ खबर पर कहा-बहनों की नाराजगी झेलनी पड़ी, बंधवाईं राखियां
रक्षाबंधन के पूर्व गुरुवार को इंदौर के बाबाश्री रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का अंदाज कुछ अलग नजर आया। महिला मोर्चा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रेष्ठा जोशी का जिक्र करते हुए उन्होंने मंच से ऐसा किस्सा सुनाया, जिस पर कार्यक्रम में मौजूद बहनों के बीच ठहाके और तालियां गूंज उठीं। विजयवर्गीय ने मजाकिया अंदाज में कहा कि श्रेष्ठा जोशी को महिला मोर्चा अध्यक्ष बनाए जाने के बाद ऐसी खबर प्रकाशित हुई कि उन्हें कैलाश विजयवर्गीय ने बनवाया है। इसके बाद मुझे बाकी बहनों की नाराजगी झेलनी पड़ी। विजयवर्गीय ने कहा कि अखबार वालों ने छाप दिया कि श्रेष्ठा जी को कैलाश ने बनवाया। श्रेष्ठा जोशी मेरे सामने बैठी हैं और इन्हें लेकर मुझे काफी कुछ सुनना पड़ा। विजयवर्गीय ने कहा, श्रेष्ठाजी, आपने मेरे को बहुत गालियां पड़वाईं, बाकी बहनें गालियां दे रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में पद देने का निर्णय संगठन करता है, लेकिन उनके बयान को अखबारों में इस तरह पेश कर दिया गया कि श्रेष्ठा जोशी को कैलाश विजयवर्गीय ने बनवाया है। इसके बाद कई बहनें मेरे से नाराज हो गईं। मंत्री की इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। अब सभी बहनों को साथ लेकर काम करें, श्रेष्ठाजी विजयवर्गीय ने इस अवसर का लाभ महिला मोर्चा में एकजुटता का संदेश देने के लिए भी किया। उन्होंने श्रेष्ठा जोशी से कहा कि अब उन्हें सभी बहनों को साथ लेकर काम करना है। महिला मोर्चा में पहले से काम कर रहीं बहनें भी उनके साथ हैं और सभी को साथ लेकर संगठन को आगे बढ़ाना है। इसके बाद मंत्री ने मंच से ही मौजूद बहनों से श्रेष्ठा जोशी का तालियों से स्वागत करने की अपील की। इसके साथ ही कार्यक्रम का माहौल राजनीतिक संदेश और पारिवारिक आत्मीयता के रंग में नजर आया। राजनीतिक संदेश भी दे गए विजयवर्गीय रक्षाबंधन के इस आयोजन में विजयवर्गीय की टिप्पणी को केवल मजाक तक सीमित नहीं माना जा रहा है। महिला मोर्चा के नए नेतृत्व को लेकर उन्होंने संगठन के सामूहिक निर्णय, सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और महिला कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय का संदेश दिया। इधर, इंदौर महिला मोर्चा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रेष्ठा जोशी और महामंत्री माधुरी जायसवाल का सम्मान भी किया गया। आशीर्वाद से सफल हो जाते हैं काम कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने स्नेह और वात्सल्य का पर्व रक्षाबंधन मनाया। इस मौके पर मौजूद बहनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन स्नेह का पर्व है। इस अवसर पर बहनों ने कैलाश विजयवर्गीय और आकाश विजयवर्गीय के हाथों पर कोहनी तक राखियां बांधीं। विजयवर्गीय ने कहा कि दूर-दूर से माताएं-बहनें उन्हें आशीर्वाद देने आई हैं। उनके आशीर्वाद की शक्ति पाकर ही उनके सभी काम सफल हो जाते हैं। वहीं, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि माताओं-बहनों का आशीर्वाद हमारे लिए शक्ति के रूप में काम करता है। कार्यक्रम में कई बहनें अपने हाथों से बनाई राखियां लेकर आई थीं। मंत्री विजयवर्गीय, आकाश विजयवर्गीय और भजन गायक गन्नू महाराज ने गीतों और भजनों से समां बांध दिया।