समाचार · मध्य प्रदेश
कटनी में फार्मर आईडी बनाने में लापरवाही:स्लीमनाबाद के 9 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस, 2 दिन में मांगा जवाब
कटनी जिले में किसानों की फार्मर आईडी (एग्रीस्टेक पंजीयन) बनाने के अभियान में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की गई है। स्लीमनाबाद तहसील के नौ हल्का पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर आशीष तिवारी के लगातार निर्देशों के बावजूद कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने के कारण की गई है। राज्य शासन के निर्देश पर 'एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान' के तहत 25 अगस्त को विशेष शिविर आयोजित किए गए थे। इन शिविरों की समीक्षा में पाया गया कि कई हल्कों में फार्मर आईडी बनाने की प्रगति संतोषजनक नहीं थी या शून्य थी। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में भी कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद संबंधित पटवारियों के कामकाज में सुधार नहीं हुआ था। इनको जारी हुए नोटिस जिन नौ हल्का पटवारियों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें नेहा मिश्रा (हल्का भेड़ा), अनंत गुप्ता (हल्का मवई एवं चरगवां), शांतनु गोरे (हल्का पौनिया एवं सैलारपुर), दिलराज सिंह (हल्का सरसवाही), महेंद्र मिश्रा (हल्का पहरूआ), योगेंद्र सिंह (हल्का बंधी एवं धूरी), देवलाल पटेल (हल्का सलैयाफाटक एवं भूला), सुकन्या पाण्डेय (हल्का कनौजा) और किरण सेन (हल्का गुदरी) शामिल हैं। तहसीलदार द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि यह कृत्य कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की सीधी अवहेलना है। इसे मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3(1) के उपनियम (एक), (दो) एवं (तीन) का स्पष्ट उल्लंघन माना गया है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि संबंधित पटवारी दो दिन के भीतर स्वयं उपस्थित होकर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो यह मान लिया जाएगा कि उनके बचाव में कोई आधार नहीं है। ऐसी स्थिति में वेतन वृद्धि रोकने और विभागीय जांच जैसी प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।