समाचार · मध्य प्रदेश
शोभापुर से रांझी तक की सड़क खराब:यहीं से हजारों कवाड़िए गुजरेंगे; विधायक बोले- रविवार तक ठीक हो जाएगी
जबलपुर में सोमवार को प्रदेश की सबसे बड़ी संस्कार कावड़ यात्रा निकलेगी। करीब 33 किलोमीटर लंबी यह यात्रा गौरीघाट से शुरू होकर कैलाश धाम पहुंचेगी। यात्रा में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं समेत हजारों कावड़िए शामिल होंगे। गौरीघाट से निकलने के बाद यात्रा शहर के अलग-अलग इलाकों से होते हुए घमापुर, सतपुला और शोभापुर व्हीकल मोड़ से गुजरेगी। इसी मार्ग पर करीब एक किलोमीटर सड़क की हालत खराब है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ है। ऐसे में हजारों कावड़ियों के गुजरने के दौरान परेशानी के साथ पैरों में चोट लगने का खतरा भी है। की टीम ने शनिवार को शोभापुर व्हीकल मोड़ से इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर जाने वाली करीब एक किलोमीटर खराब सड़क का जायजा लिया। मौके पर सड़क को दुरुस्त करने का काम भी शुरू हो चुका था। मिट्टी डालकर सड़क को समतल किया जा रहा है और रोलर चलाया जा रहा है। नगर निगम और कैंट विधायक अशोक रोहाणी का दावा है कि रविवार रात तक सड़क पूरी तरह दुरुस्त कर दी जाएगी, ताकि सोमवार सुबह कावड़ियों को परेशानी न हो। 33 किलोमीटर का सफर होगा तय संस्कार कावड़ यात्रा सोमवार सुबह 7 बजे गौरीघाट से शुरू होगी। बच्चे, बड़े और बुजुर्गों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी इसमें शामिल होंगी। यात्रा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से होते हुए करीब 33 किलोमीटर का सफर तय करेगी और शाम करीब 3 बजे कैलाश धाम पहुंचेगी। यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की टीमें मौजूद रहेंगी। रास्ते में कई समाजसेवी और संगठन कावड़ियों का स्वागत भी करेंगे। अमृत फेस-2 के लिए खोदी सड़क जबलपुर में ग्वारीघाट से रांझी जल शोधन संयंत्र (WTP) तक मुख्य पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसके लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। लाइन बिछाने के लिए ठेकेदार ने सड़क खोदकर पाइप डाले और इसके बाद सड़क की जल्दबाजी में भराई कर दी गई। इसके चलते शोभापुर व्हीकल मोड़ से इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर जाने वाली सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए। संस्कार कावड़ यात्रा की तारीख तय होने के बाद नगर निगम ने इस खराब सड़क को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। अब यात्रा में कुछ ही घंटे बाकी हैं और इसी मार्ग से हजारों कावड़िए गुजरने वाले हैं। ऐसे में सड़क की मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है। चलने लायक नहीं, फिर भी चल रहे कावड़िए जिले की पहली कावड़ यात्रा शनिवार को निकली। इसमें बघराजी गांव के ग्रामीण शामिल हुए। गौरीघाट से बघराजी और टिकरिया जाने वाली इस यात्रा में शामिल कावड़िए जैसे ही सतपुला से आगे पहुंचे, उन्हें गड्ढों और कीचड़ भरी सड़क का सामना करना पड़ा। सतीश पटेल ने बताया कि करीब 50 कावड़िए शनिवार सुबह गौरीघाट से नर्मदा जल लेकर बघराजी के लिए निकले थे। उन्होंने कहा कि शहर में सड़क ठीक है, लेकिन शोभापुर व्हीकल मोड़ पहुंचते ही गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़क मिलती है। यहां चलना मुश्किल है, इसलिए कावड़िए धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं। गोकलपुर निवासी अल्ताब खान ने कहा कि सोमवार को संस्कार कावड़ यात्रा निकलनी है, लेकिन सड़क की स्थिति मौके पर देखी जा सकती है। गड्ढों में कीचड़ भरा है और पैर फिसलने का खतरा बना हुआ है। उनका कहना था कि प्रशासन को समय रहते सड़क ठीक कर देनी चाहिए थी। विधायक बोले- किसी को नहीं होगी परेशानी कैंट विधानसभा से भाजपा विधायक अशोक रोहाणी ने कावड़ यात्रा के दौरान संभावित परेशानी को देखते हुए नगर निगम अधिकारियों के साथ मौके का जायजा लिया था। उन्होंने अधिकारियों को समय रहते सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। शनिवार तक सड़क की हालत खराब थी, लेकिन कई हिस्सों में मरम्मत का काम शुरू हो गया है। सड़क पर मिट्टी डालकर उसे समतल किया जा रहा है। इसके बाद रोलर चलाया जा रहा है। विधायक अशोक रोहाणी का कहना है कि सड़क को ठीक करने का काम जारी है। रविवार रात तक खराब सड़क को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा। सोमवार सुबह जब कावड़िए इस मार्ग से गुजरेंगे, तब उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।