national
शिरोमणि अकाली दल की बैठक: महिला आरक्षण तुरंत लागू करने और 50% सीटें बढ़ाने की मांग की

सुखबीर सिंह बादल ने बैठक के बाद एक्स पर एक पोस्ट डाला जिसमें कहा- "अकाली दल ने कहा कि उसकी यह मांग सिख गुरुओं की उन पावन शिक्षाओं से प्रेरित है, जिन्होंने सदैव महिलाओं की गरिमा, समानता और उनके समान अधिकारों की वकालत की है. पार्टी ने ध्यान दिलाया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) अपने सदन में महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान कर पहले ही समाज के सामने एक अनूठी मिसाल कायम कर चुकी है."
परिसीमन तत्काल पूरा किया जाए: अकाली दल
बादल ने कहा- पार्टी ने भारत सरकार के उस प्रस्ताव का भी खुलकर समर्थन किया, जो सदन के पटल पर रखा गया था और जिसमें सभी राज्यों की संसदीय सीटों में एक समान 50 प्रतिशत बढ़ोतरी करने की बात कही गई थी. अकाली दल ने इस बात पर विशेष बल दिया कि महिला आरक्षण लागू करने और सीटों के पुनर्गठन (परिसीमन) के कार्य को तत्काल पूरा किया जाना चाहिए.
अकाली दल ने 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की मांग की
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा, "बैठक के बारे में फिलहाल बहुत विस्तार से कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन मुख्य निर्णय यही है कि महिला आरक्षण बिल को जल्द लागू किया जाए और परिसीमन के तहत सीटें 50 फीसदी बढ़ाई जाएं."