Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

डीलरशिप दिलाने के नाम पर 1 करोड़ की ठगी:इंदौर क्राइम ब्रांच ने आरोपी को किया गिरफ्तार; रकम मांगने पर जान से मारने की दी धमकी

INT News8 August 2026 at 04:37 pm

गुजरात क्षेत्र की डीलरशिप/डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का झांसा देकर 1 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में क्राइम ब्रांच इंदौर ने 74 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनोहरलाल गुप्ता पिता स्व. उमाशंकर गुप्ता, निवासी जानकी नगर एक्सटेंशन, भंवरकुआं, इंदौर के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी इंदौर स्थित आई.एच.एल. मेडिकेयर प्राइवेट लिमिटेड और इन्फुटेक हेल्थकेयर लिमिटेड में डायरेक्टर/मुख्य संचालक के रूप में काम करता है। क्राइम ब्रांच फरार आरोपी बेटे की तलाश कर रही है। 50-50 लाख रुपए जमा करवाए डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, गुजरात के झालोद, जिला दाहोद निवासी कमलेश अग्रवाल ने क्राइम ब्रांच में शिकायत की थी। शिकायत में बताया कि आरोपियों ने गुजरात क्षेत्र की डीलर/डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने का प्रलोभन देकर 50-50 लाख रुपए, यानी कुल 1 करोड़ रुपए जमा करवाए। शिकायतकर्ता के मुताबिक शुरुआत में जुलाई 2022 तक डिस्ट्रीब्यूटर मार्जिन मनी के रूप में करीब 28.50 लाख रुपए दिए गए। इसके बाद आरोपियों ने न तो मार्जिन मनी का भुगतान किया, न व्यापार के लिए माल उपलब्ध कराया और न ही मूल राशि वापस की। रकम मांगने पर धमकी देने का आरोप शिकायतकर्ता ने क्राइम ब्रांच को बताया कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों की ओर से कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने बैंक स्टेटमेंट, लेजर, पत्राचार और अन्य दस्तावेजों की जांच की। जिला अभियोजन कार्यालय से कानूनी राय लेने के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला पाया। जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। अब आरोपी मनोहरलाल गुप्ता को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में 2.14 करोड़ की राशि का उल्लेख क्राइम ब्रांच के मुताबिक, मामले की जांच में गुजरात क्षेत्र की डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर प्राप्त राशि का आंकड़ा 2.14 करोड़ रुपए तक सामने आया है। हालांकि शिकायत में वर्तमान में 1 करोड़ रुपए की राशि के संबंध में आरोप लगाए गए हैं। टीम इस पूरे लेन-देन और रकम के संबंध में दस्तावेजों की जांच कर रही है। अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही पुलिस क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले में जुड़े अन्य लोगों और कंपनियों के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। हालाकि इस मामले में आरोपी के फरार बेटे की तलाश भी की जा रही है।