Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

वॉर्म-अप मैच में देवदत्त पडिक्कल का ODI अंदाज में शतक, नंबर-3 के लिए पेश की मजबूत दावेदारी

INT News8 August 2026 at 04:43 pm

IND vs SLCXI: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच में देवदत्त पडिक्कल ने अपनी बल्लेबाजी से बड़ा दावा पेश कर दिया है. श्रीलंका XI के खिलाफ मुकाबले में पडिक्कल ने शानदार शतक जड़कर श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली. उन्होंने ODI अंदाज में बैटिंग करते हुए महज 121 गेंदों में सेंचुरी पूरी की, जिसमें 14 चौके शामिल रहे. साई सुदर्शन के चोटिल होंने के बाद देवदत्त पडिक्कल ने पहले टेस्ट मैच में नंबर-3 के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर दी है. शतक पूरा करने के बाद पडिक्कल रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौट गए.

96 रनों की साझेदारी

भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही. दूसरी ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद नंबर-3 पर उतरे पडिक्कल ने केएल राहुल के साथ मोर्चा संभाला. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी हुई. राहुल 40 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन पडिक्कल का आक्रामक अंदाज जारी रहा.

नहीं चला पंत का बल्ला

राहुल के जाने के बाद रवींद्र जडेजा क्रीज पर पहुंचे और उन्होंने पडिक्कल के साथ पारी को आगे बढ़ाया. पडिक्कल ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और अपनी सेंचुरी मात्र 121 गेंदों में पूरी की. उनके रिटायर्ड आउट होने के बाद ऋषभ पंत बल्लेबाजी करने आए, लेकिन वह ज्यादा देर नहीं टिक सके और 5 गेंदों में सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए.

Also Read: श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ीं, साई सुदर्शन हुए टेस्ट सीरीज से बाहर

पडिक्कल हो सकते है प्लेइंग-11 का हिस्सा

श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. साई को पैर के अंगूठे में चोट लगी थी और इसी वजह से वह टीम के साथ श्रीलंका रवाना नहीं हो पाए थे. ताजा रिपोर्ट के मुताबिक उनकी चोट पूरी तरह ठीक नहीं हुई है और अब वह दोनों टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाएंगे.अब साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में देवदत्त पडिक्कल को प्लेइंग-11 में जगह मिलने की संभावना बढ़ गई है. पडिक्कल ने भारत के लिए अब तक दो टेस्ट खेले हैं. दो टेस्ट की तीन पारियों में उनके नाम 90 रन हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है. अगर पडिक्कल खेलते है तो वे भारत के लिए नंबर-3 पर खेलते नजर आ सकते है.

गिल की फिटनेस पर भी नजर

इस मुकाबले में शुभमन गिल कप्तानी नहीं कर रहे हैं. प्रैक्टिस के दौरान चोट लगने के कारण वह वॉर्म-अप मैच से बाहर हैं. टेस्ट टीम के नियमित नंबर-4 बल्लेबाज गिल की जगह इस मुकाबले में रवींद्र जडेजा को ऊपर भेजा गया है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि गिल टेस्ट सीरीज शुरू होने तक पूरी तरह फिट हो पाते हैं या नहीं. भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाना है.

Also Read: वॉर्म-अप मैच में ही बांग्लादेश की टीम 54 रन पर हुई ढेर, कैंपबेल थॉम्पसन ने चटकाए 8 विकेट