समाचार · हरियाणा
नूंह सिविल अस्पताल में घायल महिला को नहीं मिला स्ट्रेचर:पुलिस-परिजनों ने उठाकर पहुंचाया इमरजेंसी वार्ड, सिविल सर्जन ने कहीं जांच कराने की बात
नूंह में सिविल अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मंगलवार को एक घायल महिला को अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं मिल पाया। डायल-112 के पुलिसकर्मियों और परिजनों ने महिला को गोद में उठाकर इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचाया। इस मामले का वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, शहर थाना क्षेत्र के शाहपुर नंगली गांव की फरीदा मंगलवार सुबह अपने मायके पहुंची थी। आरोप है कि घर का दरवाजा खोलते ही परिवार के कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया और मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को आरोपियों से छुड़ाकर नूंह सिविल अस्पताल लाई। घायल महिला को नहीं मिला स्ट्रेचर अस्पताल पहुंचने पर पुलिसकर्मियों के सामने एक और चुनौती खड़ी हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला के लिए समय पर स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं हुआ। महिला दर्द से तड़प रही थी। इलाज में देरी होती देख, महिला की मां, भाभी और पुलिसकर्मियों ने उसे बिना इंतजार किए हाथ-पैरों से उठाकर इमरजेंसी कक्ष तक पहुंचाया। जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग इस घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने बना लिया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन के प्रति लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि जिला मुख्यालय के सरकारी अस्पताल में भी मरीजों को स्ट्रेचर जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिल रही, तो ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। जांच के बाद होगी कार्रवाई-सिविल सर्जन शहर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि महिला की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्सना ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।