समाचार · छत्तीसगढ़
कोरिया में CBI की टीम दूसरे दिन भी नौगईं पहुंची:ट्रिपल मर्डर केस की जांच, फारेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में बीजेपी नेता समेत 3 लोगों की हत्या केस की जांच करने के लिए पहुंची सीबीआई की 6 सदस्यीय टीम दूसरे दिन भी घटनास्थल नौगईं पहुंची। सीबीआई की टीम ने फारेंसिक टीम को मौके पर बुलाया था। टीम ने फारेंसिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। दरअसल, 16 जून की रात नौगईं गांव में आरोपियों ने रेत तस्करी विवाद में फॉर्च्यूनर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। कार में एक ही परिवार के 5 लोग सवार थे। हादसे में भाजपा नेता लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह की जलने से मौत हो गई। वहीं, आरोपियों ने भाजपा नेता के भाई विरेंद्र सिंह का गला फरसे से काट दिया था। बाकी 2 घायल हो गए थे। घटनास्थल का बारीकी से मुआयना
तिहरे हत्याकांड की जांच के लिए सीबीआई की टीम सोमवार को कोरिया पहुंची थी। पहले दिन टीम ने कोरिया एसपी से मुलाकात की। इसके बाद नौगईं में घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल को देखा। देर शाम टीम सोनहत थाने भी पहुंची थी, जहां जांच से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। मंगलवार को सीबीआई की टीम फिर से मौके पर पहुंची और कोरिया जिले की फारेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने मौके पर फारेंसिक जांच के रिकार्ड से यह समझने की कोशिश की, कि घटनाक्रम क्या था? टीम की जांच अभी जारी है। वारदात से जुड़ी तस्वीरें देखिए…
अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार, परिजनों से भी मिलेगी टीम मामले में मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत 4 आरोपियों ने मनेंद्रगढ़ थाने में सरेंडर कर दिया था। वहीं, 7 आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग इलाके से गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। रेत के अवैध खनन को लेकर लल्ला सिंह के परिवार का भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से विवाद चल रहा था। चिरमी के रेत घाट का ठेका करीब 8 महीने पहले मयंक सिंह के नाम पर मिला था। इसके बाद मयंक सिंह और उनका परिवार सोनहत, कैलाशपुर और तेलीमुड़ा, बेलिया और छिंगुरा से निकलने वाले अवैध रेत से भी वसूली शुरू कर दी। भाजपा नेता लल्ला सिंह और उनके परिवार के सदस्य फार्च्यूनर में हूटर बजाते हुए चलते थे। मयंक सिंह प्रति हाईवा 1000 रुपए का शुल्क लेता था। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में एक हाईवा रेत 5000 रुपये तक में बिकती है। त्रिपाठी परिवार के पास कुछ टीपर वाहन हैं, जिनसे वे रेत निकालकर जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में बेचते थे। त्रिपाठी परिवार दूसरे घाट से निकाले गए रेत का पैसा देने तैयार नहीं था, जिसे लेकर कई माह से दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े करीबी और दबंग नेता थे। आरोपी मनोज त्रिपाठी पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा विधायक रेणुका सिंह का करीबी नेता माना जाता है। घटना के पहले हुई थी मारपीट त्रिपाठी परिवार के निशांत त्रिपाठी के साथ सिंह परिवार के मयंक सिंह, उत्कर्ष सिंह, लवकुश सिंह और अन्य ने नौगईं के शिवघाट के पास मारपीट कर दी। मामले में एफआईआर सोनहत थाने में दर्ज कराई गई थी। यह घटना हत्याकांड की वजह बन गई। सीबीआई की टीम का नेतृत्व एएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। उनके साथ एक डीएसपी, एक एसआई और तीन स्टॉफ हैं। जांच टीम मामले की जांच से जुड़े पुलिस अधिकारियों से भी बात करेगी। ………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… छत्तीसगढ़- भाजपा नेता को फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाया, 3 मौतें:हाईवा अड़ाकर लगाई आग, साथियों को फरसे से काटा, रेत तस्करी विवाद में हत्या छत्तीसगढ़ के कोरिया में रेत तस्करी को लेकर भाजपा नेता समेत 3 लोगों की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने फॉर्च्यूनर के आगे-पीछे हाईवा अड़ाकर रास्ता रोका, फिर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इसमें भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह जिंदा जल गए। पढ़ें पूरी खबर…