समाचार · पंजाब
अबोहर में शिवलाल डोडा परिवार की बहू AAP में शामिल:सिसोदिया और चीमा ने दिलाई सदस्यता, अकाली दल के हलका इंचार्ज रह चुके हैं
अबोहर में स्थानीय नेता शिवलाल डोडा की पुत्रवधु सुहानी डोडा आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गई हैं। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस घटनाक्रम को अबोहर की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। मंगलवार को सुहानी डोडा, जो गगन डोडा की पत्नी हैं, ने औपचारिक रूप से आम आदमी पार्टी का दामन थामा। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा डोडा परिवार को दी गई इस तरजीह के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि पार्टी ने अबोहर हलके के लिए अपना भविष्य का चेहरा तय कर लिया है। पहले हलका इंचार्ज थे शिवलाल डोडा उल्लेखनीय है कि शिवलाल डोडा, जो शिरोमणि अकाली दल के पूर्व हलका इंचार्ज, प्रमुख शराब कारोबारी और बड़े समाजसेवी हैं, का अबोहर और आसपास के क्षेत्र की राजनीति में मजबूत आधार है। उन्होंने साल 2017 के विधानसभा चुनाव में आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। सुहानी डोडा के आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में अबोहर हलके से अपना मुख्य उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतार सकती है।